बरेली: पंचायत भवन तक पहुंचे, पर बंटने शुरू नहीं हुए तिरंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराया जाना है। जिले में स्वयं सहायता समूह द्वारा 70 हजार, डीपीआरओ विभाग द्वारा 1.70 लाख तिरंगा विकासखंडों में भेजे गए हैं। इसके अलावा विभागों के अधिकारी आर्डर देकर झंडा ले रहे हैं। ब्लाॅक से गांव तक झंडे तो पहुंच …

बरेली, अमृत विचार। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराया जाना है। जिले में स्वयं सहायता समूह द्वारा 70 हजार, डीपीआरओ विभाग द्वारा 1.70 लाख तिरंगा विकासखंडों में भेजे गए हैं। इसके अलावा विभागों के अधिकारी आर्डर देकर झंडा ले रहे हैं। ब्लाॅक से गांव तक झंडे तो पहुंच गए हैं, लेकिन हर घर झंडा पहुंचाने की बजाए जिम्मेदार रजिस्टर में नाम दर्ज कर इतिश्री कर रहे हैं। शासन की ओर से जिले में सात लाख तिरंगा का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके सापेक्ष शासन से डेढ़ लाख और स्वयं सहायता समूह द्वारा करीब 70 हजार तिरंगा ब्लाॅकों में पहुंचा दिए गए हैं। अब ब्लॉक स्तर से प्रधानों को तिरंगा लेकर ग्रामीणों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। सूत्रों के अनुसार प्रधान वोटर लिस्ट और अपने करीबियों की मदद से गांव में रहने वाले लोगों की सूची तैयार कर अधिकारियों को भेज रहे हैं, जबकि लोगों तक तिरंगा नहीं पहुंच पा रहे हैं। 11 अगस्त तक हर घर तिरंगा पहुंचाना, लेकिन जिम्मेदारों का रवैया देखकर नहीं लगता है कि यह महाअभियान परवान चढ़ पाएगा। ग्राम पंचायतों में प्रधानों की ओर से पंचायत भवन में ग्रामीणों को बुलाकर तिरंगा दिए जा रहे हैं, इसमें आधे से ज्यादा लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। अभी शासन से ढ़ाई लाख तिरंगा आने और शेष हैं।

प्रतिदिन 10 हजार तिरंगे के आ रहे आर्डर
आजादी के अमृत महोत्सव को धूमधाम से मनाए जाने के लिए सभी विभागों में तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन की ओर से हर विभाग को लक्ष्य दे दिया गया है। विकास भवन में स्थित एनआरएलएम कार्यालय में प्रतिदिन 10 से 15 हजार झंडा खरीदने के लिए आर्डर आ रहे हैं। मांग बढ़ने से लोगों को तिरंगा देरी से उपलब्ध हो रहे हैं।

फैक्ट फाइल
ब्लाक – 15
ग्राम पंचायत – 1193
राजस्व ग्राम – 1758
नगर निकाय – 20
आबादी – 44,48,359
झंडा फहराने का लक्ष्य – 7 लाख
झंडों का निर्माण – 2.50 लाख

जितने झंडे बनकर तैयार होते जा रहे हैं, ब्लॉकों से ग्राम पंचायतों में भेज दिए जा रहे हैं। अगर प्रधानों द्वारा झंडा बांटने का काम शुरू नहीं किया गया है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 11 अगस्त तक हर हाल में झंडा हर घर तक पहुंचा दिए जाएंगे।- धर्मेंद्र कुमार, नोडल अधिकारी

ये भी पढ़ें- बरेली: प्रियंका के सिर सजा मिस तीज क्वीन का खिताब

 

संबंधित समाचार