पीलीभीत: रक्षाबंधन पर मिठाई का कारोबार 10 करोड़ के पार, दुकानों पर खरीदारी करने वाले लोगों की लगी रही भीड़
पीलीभीत, अमृत विचार। इस रक्षाबंधन पर मिठाई, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट की जमकर बिक्री हुई है। त्योहार दो दिन होने की वजह से जिले में इस कारोबार का आंकड़ा 10 करोड़ पार कर गया है। ग्राहकों का आलम यह था कि मिठाई की दुकानों के काउंटर दोपहर बाद ही खाली हो गए। शहर के अलावा …
पीलीभीत, अमृत विचार। इस रक्षाबंधन पर मिठाई, चॉकलेट और ड्राई फ्रूट की जमकर बिक्री हुई है। त्योहार दो दिन होने की वजह से जिले में इस कारोबार का आंकड़ा 10 करोड़ पार कर गया है। ग्राहकों का आलम यह था कि मिठाई की दुकानों के काउंटर दोपहर बाद ही खाली हो गए। शहर के अलावा कस्बों में मिठाई की 300 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें हैं। रक्षाबंधन से पहले ही मिठाई कारोबारियों ने मिठाइयां तैयार करना शुरू कर दी। रक्षाबंधन का त्योहार 11 और 12 अगस्त को मनाया गया। इसलिए दोनों दिन मिठाई की दुकानों पर खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ लगी रही।
त्योहार के दिन कई दुकानदारों ने अपनी मिठाई की दुकान का काउंटर सड़क तक सजा लिए। बीते दो साल कोरोना की वजह से मिठाई का कारोबार फिका हो गया था, लेकिन इस बार संक्रमण कम होने की वजह से कारोबारियों को त्योहार से बहुत उम्मीद लगाकर बैठे थे। इस रक्षाबंधन पर मिठाई में ब्रांडेड पैकेट में सोन पापड़ी और काजू की बर्फी की अधिक डिमांड रही। जो 500 रुपये से लेकर 1500 रुपये किलो तक बिकी।
इसके अलावा मिठाई में चंद्रकला,घेवर, फेनी, मिक्स बंगाली मिठाई, बूंदी के लड्डू, बेसन के लड्डू से लेकर हर तरह की रंग बिरंगी मिठाई खूब बिकी। मिठाई के रेट 250 रुपये किलो से प्रारंभ होकर 1500 रुपये या इससे अधिक भी थे। मिक्स मिठाई 250 से 450 सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकी। तो वहीं बहनों को उपहार देने के लिए चॉकलेट के गिफ्ट पैक की मांग अधिक रही। जिसकी कीमत 250 रुपये लेकर 1200 रुपये तक थी। इसके अलावा ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट खूब खरीदे गए। दो दिन मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ रही।
व्यापारियों ने ग्राहकों की भीड़ देखते हुए कारीगरों की संख्या बढ़ा दी। कारोबार से जुड़े व्यापारियों ने कमाई के साथ-साथ ग्राहक की पसंद पर विशेष ध्यान दिया। बंगाली मिठाई के साथ नारियल से बनी मिठाई पसंद करने वाले ग्राहक भी कम नहीं रहे। मिष्ठान कारोबारी पारस गुप्ता ने बताया कि दो दिन में मिठाई और ड्राई फ्रूट्स की बिक्री की अच्छी हुई है। साथ ही चॉकलेट के गिफ्ट पैक भी खूब बिके। इसलिए जिले भर में करीब 10 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: रक्षाबंधन पर पेश की भाईचारे की मिसाल, हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश देते हुए कई भाई-बहनों ने मनाया पर्व
