मथुरा: पुलिस को मिली सफलता, 40 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में हुआ घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा, अमृत विचार। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटी मथुरा पुलिस ने मांट थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 40 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इसके कब्जे से तमंचा तथा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ में गोली लगने से शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भागने में …

मथुरा, अमृत विचार। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटी मथुरा पुलिस ने मांट थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में 40 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इसके कब्जे से तमंचा तथा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ में गोली लगने से शातिर बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा। घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

गुरुवार की दोपहर एसओजी को सूचना मिली कि आगरा-मथुरा का 40 हजार का इनामी बदमाश मांट थाना क्षेत्र के राधारानी मोड़ से गुजरने वाला है। एसओजी ने इसकी सूचना एसपी देहात श्रीचंद को दी। एसपी देहात एसओजी, सर्विलांस और मांट थाना पुलिस को लेकर मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर इंतजार करने के बाद बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने जबावी कार्यवाही की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर गया। जबकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर भागने में सफल रहा। तलाशी में शातिर के कब्जे से तमंचा तथा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने अपना नाम गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित डीगगेट की नई बस्ती निवासी चांद उर्फ पिल्लु पुत्र रमजानी बताया।

एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार शातिर के ऊपर मथुरा, आगरा, हाथरस में लूट, चोरी, नकबजनी, नकली नोट, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या का प्रयास, गुण्डा व गैंगस्टर एक्ट आदि के लगभग तीन दर्जन अभियोग पंजीकृत है। शातिर के ऊपर आगरा पुलिस ने 15 तथा मथुरा पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

एसपी देहात ने बताया कि पैर में गोली लगने के कारण शातिर घायल हो गया,जबकि उसका एक साथी भागने में सफल रहा। शातिर के भागे साथी की तलाश की जा रही है। जबकि घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

संबंधित समाचार