UPSSSC Forest Guard : मुरादाबाद में परीक्षार्थी की जगह एग्जाम दे रहा ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर-प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक (सामान्य ज्ञान) प्रतियोगात्मक परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर-प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक (सामान्य ज्ञान) प्रतियोगात्मक परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरएन इंटर कालेज के कक्ष दो के निरीक्षक आशीष गुप्ता एवं रितिक शर्मा ने बताया कि अनुक्रमांक 000 20 1152 परीक्षार्थी निर्मल कुमार पुत्र मिजाजी लाल का फोटो एवं हस्ताक्षर मिलान नहीं हो रहे हैं। निर्मल कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा युवक संदिग्ध लग रहा है। इस पर प्रधानाचार्य एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने उक्त परीक्षार्थी से कड़ाई से पूछताछ की। उसने अपना नाम पहले विराज पुत्र मिजाजी लाल तथा बाद में अभिषेक कुमार बताया। इसके पास से निर्मल कुमार पुत्र मिजाजी लाल निवासी कटोरा बुजुर्ग के नाम का आधार कार्ड मिला। उसने स्वीकार किया कि निर्मल कुमार के इस आधार कार्ड पर उसने स्कैन करके अपना फोटो लगा लिया था।
आरोपी के कब्जे से दो आधार कार्ड और भी मिले। इनमें से एक निर्मल कुमार पुत्र मिजाजी लाल निवासी कटोरा बुजुर्ग फिरोजाबाद और दूसरा अपना बताया। अभिषेक कुमार पुत्र तिलक सिंह निवासी कटोरा बुजुर्ग सिकोहाबाद जनपद फिरोजाबाद के आधार कार्ड पर आरोपी का ही फोटो लगा था। आरोपी कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से परीक्षा देते पाया गया। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ आरएन इंटर कॉलेज पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि आरएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की तहरीर पर आरोपी अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद पुलिस के नाम पर बनाया फर्जी फेसबुक पेज, CM Yogi Adityanath का सिर काटने पर रखा दो करोड़ का इनाम
