सोनेलाल पटेल का एक्सीडेंट नहीं, हुई थी हत्या, हो सीबीआई जांच: पल्लवी पटेल
अयोध्या। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की हत्या के मामले में सीबीआई जांच कराने सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता व सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने अयोध्या में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। पल्लवी पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ने सर्किट हाउस से रैली निकाल …
अयोध्या। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की हत्या के मामले में सीबीआई जांच कराने सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अपना दल कमेरावादी पार्टी की नेता व सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल ने अयोध्या में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। पल्लवी पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ने सर्किट हाउस से रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कचेहरी गेट के पास तीन सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि 12वीं लोकसभा चुनाव के दौरान 1999 में प्रयागराज में सोनेलाल पटेल व कार्यकर्ताओं पर तत्कालीन प्रदेश सरकार के आदेश पर पुलिसिया कार्रवाई हुई थी, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए थे और इस मामले में कार्यकर्ताओं पर दर्ज निराधार केस वापस लिया जाए। उन्होंने 17 अक्टूबर 2009 को सोनेलाल पटेल की एक्सीडेंट में हुई मौत पर भी सवाल उठाया। कहा कि सोनेलाल पटेल का एक्सीडेंट नहीं हुआ था बल्कि हत्या की साजिश हुई थी, इस मामले में उन्होंने सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने राजमाता कृष्णा पटेल को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान प्रदान किए जाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर ठोस कार्रवाई न हुई तो कमेरावादी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। इस अवसर पर दयाराम पटेल, अरुण वर्मा, चन्द्रकेश पटेल, स्वामीनाथ पटेल, बृजनाथ पटेल, राम सागर पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-शिवपाल यादव व पल्लवी पटेल को सपा ने अपना विधायक मानने से किया इंकार तो भड़के प्रसपा अध्यक्ष, जानें क्या कहा?
