अमरोहा : दो दिन की मेहनत से तैयार एप्रोच रोड फिर टूटी, मरम्मत का काम लगातार जारी
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। गंगानगर पुल की मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। दो दिन की मेहनत से तैयार पुल की एप्रोच रोड फिर से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे विभागीय अधिकारियों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है, क्योंकि गंगा की धारा तेज होने की वजह से काम में परेशानी आ रही है। हालांकि …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। गंगानगर पुल की मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। दो दिन की मेहनत से तैयार पुल की एप्रोच रोड फिर से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे विभागीय अधिकारियों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है, क्योंकि गंगा की धारा तेज होने की वजह से काम में परेशानी आ रही है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बुधवार से हल्के वाहनों के लिए पुल को शुरु कर दिया जाएगा, अभी भारी वाहनों के संचालन में दो दिन का समय लग सकता है। गंगा के जलस्तर में कमी आई है। बृजघाट में गंगा का जलस्तर 198.10 मीटर है, जबकि तिगरी में गंगा का जलस्तर 200.40 मीटर है।
जनपद अमरोहा एवं बुलंदशहर को जोड़ने वाले हसनपुर तहसील के ग्राम गंगानगर के निकट गंगा पर पुल की करीब 20 मीटर एप्रोच रोड शनिवार रात गंगा के बढ़े जलस्तर से पूरी तरह से कट गई थी। मार्ग पर आवागमन ठप हो गया था। विधायक एवं डीएम के साथ संबंधित विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने मौका मुआयना किया, जिला अधिकारी द्वारा पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड को तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी काम में लगे हुए थे। सोमवार शाम तक एप्रोच रोड तैयार कर ली गई थी।
पैदल यात्रियों के लिए आवागमन खोल दिया गया था। इसी बीच रात में पानी के तेज बहाव ने एप्रोच रोड फिर क्षतिग्रस्त कर दी। एप्रोच रोड की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। बाढ़ खंड के अवर अभियंता रामलाल ने बताया कि दो दिन की मेहनत से तैयार की गई एप्रोच रोड फिर से क्षतिग्रस्त हो गई है। मरम्मत का काम जारी है। उधर, एसडीएम सुधीर कुमार के मुताबिक गंगा के जलस्तर में थोड़ी कमी आई है।
लोक निर्माण विभाग के जेई प्रेम सिंह ने बताया कि गंगा की धारा तेज है, जिससे काम करने में दिक्कत आ रही है। एप्रोच रोड फिर से क्षतिग्रस्त हो गई। बुधवार से हल्के वाहनों का संचालन शुरु कर दिया जाएगा, जबकि भारी वाहनों के संचालन में दो दिन का समय लग सकता है। यह सब गंगा की धारा पर निर्भर करता है। वैसे गंगा के जलस्तर में कमी आई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : विहान आवासीय विद्यालय के कर्मचारियों को अटल आवासीय विद्यालय में समायोजित करने की उठी मांग
