अयोध्या : एनएचएआई ने हटाया अतिक्रमण, लगा एकतरफा कार्रवाई का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार । अयोध्या – लखनऊ राजमार्ग पर बुधवार को तहसीनपुर टोल प्लाजा पर अतिक्रमण को लेकर एनएचएआई ने एकतरफा कार्रवाई की। कच्चे और पक्के तरह के अतिक्रमण को नोटिस देने के बाद केवल कच्चे निर्माण वालों पर बुलडोजर गरज कर रह गया। बड़े और रसूखदार अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलाने की हिम्मत एनएचएआई …

सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार । अयोध्या – लखनऊ राजमार्ग पर बुधवार को तहसीनपुर टोल प्लाजा पर अतिक्रमण को लेकर एनएचएआई ने एकतरफा कार्रवाई की। कच्चे और पक्के तरह के अतिक्रमण को नोटिस देने के बाद केवल कच्चे निर्माण वालों पर बुलडोजर गरज कर रह गया। बड़े और रसूखदार अतिक्रमणकारियों पर बुलडोजर चलाने की हिम्मत एनएचएआई की टीम नहीं दिखा सकी। इसे लेकर खोमचे और गुमटी वालों ने विरोध भी जताया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब एनएचएआई के जिम्मेदार कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं।

रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोल प्लाजा पर एनएचएआई ने आसपास अतिक्रमण को लेकर एक दिन पहले नोटिस जारी की थी। नोटिस में एक सप्ताह का समय दिया गया था लेकिन बुधवार सुबह ही एनएचएआई के लोग बुलडोजर लेकर वहां पहुंच गए। स्थानीय पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई तो हडकंप मच गया। इस दौरान टीम के लोगों ने बुलडोजर लेकर झोपड़ी और गुमटी वाली दुकानों को ढहाना शुरू किया। दुकानदार जब तक अपना-अपना सामान समेटते तब तक बुलडोजर ने उनकी रोजी रोटी के जरिए को ध्वस्त कर दिया। दुकानदारों ने नोटिस में दिए गए समय के तहत मोहलत भी मांगी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौर आसपास से खोमचे गुमटी को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

इसके बाद एनएचएआई कर्मी बुलडोजर किनारे खड़ा कर टोल प्लाजा आफिस में जाकर बैठ गए। जब छोटे दुकानदारों ने देखा कि आसपास के पक्के ढाबे और दुकानों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे भड़क गए। इस सौतेले व्यवहार पर स्थानीय पटरी खोमचा दुकानदारों यश कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, हरिश्चंद्र, रामविलाश यादव, संदीप पांडेय, धर्मेंद्र कुमार, पप्पू निषाद, चंद्रिका, जुग्गी लाल यादव आदि ने विरोध जताया।

उन्होंने बताया मंगलवार को नोटिस के साथ मुनादी कराने के बारह घंटे बाद ही उन्हें उजाड़ दिया गया। सामान समेटने तक का समय नहीं दिया गया। जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ा है।आरोप लगाया है कि आसपास पक्के अतिक्रमण पर मेहरबानी दिखाई गई और हम गरीबों की दुकानों पर ही बुलडोजर चलाया गया। जबकि एनएचएआई टीम का कहना है कि चिन्हांकित करने के दौरान ही अस्थाई दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की जानकारी दी गयी थी। इसके बाद भी मंगलवार को पुनःअवगत कराने के बाद संज्ञान में नही लेने के कारण कार्रवाई की गयी हैं।

यह भी पढ़ें –हल्द्वानी: अंतिम समय नहीं मिला अपनों का कंधा, बेगाने ने दी मुखाग्नि

संबंधित समाचार