बरेली: निजी अस्पताल की नर्स में कोरोना की पुष्टि के बाद मची खलबली
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स को सोमवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह नर्स आखिर कहां से संक्रमित हुई स्वास्थ्य विभाग इसकी जानकारी जुटाने में लगा है। पिछले दिनों दिल्ली के अस्पताल में शहर के जिन चिकित्सक डॉ. रितेश माहेश्वरी का निधन हुआ था, उनका …
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स को सोमवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह नर्स आखिर कहां से संक्रमित हुई स्वास्थ्य विभाग इसकी जानकारी जुटाने में लगा है। पिछले दिनों दिल्ली के अस्पताल में शहर के जिन चिकित्सक डॉ. रितेश माहेश्वरी का निधन हुआ था, उनका उपचार इसी अस्पताल में हुआ था।
डा. रितेश की तीन बार कोरोना की जांच हुई थी। उनकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम का कहना है कि उपचार के दौरान वहां से नर्स संक्रमित नहीं हो सकती। जानकारी के मुताबिक संक्रमित रेडियोलॉजिस्ट अपने मित्र को देखने इस अस्पताल में पहुंचे थे।
हालांकि उन्होंने सभी कोविड प्रोटोकाल का ध्यान रखा हुआ था। इलाज के दौरान सभी डाक्टर व स्टाफ ने पीपी किट, ग्लब्स का इस्तेमाल किया था। स्वास्थ्य विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि स्टाफ नर्स कहां-कहां गईं थीं। उनसे कौन-कौन लोग मिलने आए थे।
उनके परिवार के लोगों के बारे में भी जांच पड़ताल की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग नर्स से जानकारी जुटाने में लगा है लेकिन फिलहाल वह भी कुछ नहीं बता पा रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग नर्स के संपर्क में आने वालों को क्वारंटाइन करने में जुटा हुआ है।
अस्पताल में बनाई गई दो टीमें
निजी अस्पताल में दो टीमें बनाई गई हैं। हर टीम 14 दिन बाद ही क्वारंटाइन हो जाती है। इसी के तहत यह संक्रमित नर्स भी क्वारंटाइन हुई थी।
सिविल लाइंस के अस्पताल में आठ लोग क्वारंटाइन
शहर में सिविल लाइंस इलाके में चौकी चौराहे के पास स्थित शहर के पुराने अस्पताल में बदायूं की महिला के संक्रमित मिलने पर अस्पताल के आठ लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा.रंजन गौतम के मुताबिक अस्पताल के तीन चिकित्सक, तीन आईसीयू स्टाफ और दो पैरामेडिकल स्टाफ को क्वारंटाइन किया गया है।
59 संदिग्धों के सैंपल लिए, जांच को भेजे
सीएमओ डॉ. वीके शुक्ल ने बताया कि 300 बेड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में दो टीमों ने 200 संदिग्धों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान 55 लोगों के सैंपल लिए गए है। इसके साथ ही चार एमएमयू पूल सैंपल लिए गए है। बताया कि कुल 59 सैंपल एकत्रित किए हैं जो कि मंगलवार को आईवीआरआई लैब जांच के लिए भेजे जाएंगे।
