बिजनौर : रकम ट्रांसफर कराने के बाद संचालक पर किया हमला
बिजनौर,अमृत विचार। साइबर कैफे संचालक से अपने पिता के खाते में 86 हजार रुपये ट्रांसफर कराने के बाद युवक ने संचालक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से संचालक घबरा गया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर दुकान में नकदी से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। बैग में ढ़ाई लाख रुपये …
बिजनौर,अमृत विचार। साइबर कैफे संचालक से अपने पिता के खाते में 86 हजार रुपये ट्रांसफर कराने के बाद युवक ने संचालक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से संचालक घबरा गया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर दुकान में नकदी से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। बैग में ढ़ाई लाख रुपये थे। संचालक ने आरोपी युवक के घर पर शिकायत करने के बाद थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मामला नूरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोशनपुर जागीर का है। यहां पर रहने वाले फरमान पुत्र साजिद के अनुसार वह गांव में जन सुविधा केंद्र चलाता है। उसके अनुसार मंगलवार को उसके कंद्र पर गांव निवासी सुधीर का बेटा प्रियांशु उर्फ सनी आया। 12800 रुपये नकद देने के बाद उसने अपने पिता के खाते में रकम ट्रांसफर कराई। फरमान के अनुसार इस तरह से उसने 85 हजार रुपये अपने पिता और एक हजार रुपये दूसरे के खाते में ट्रांसफर कराए। आरोप है कि इसके बाद जब फरमान ने प्रियांशु से शेष रकम मांगी तो वह हमलावर हो गया।
आरोप है कि फरमान पर उसने चाकू से हमला कर दिया और इसके बाद दुकान में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। फरमान का दावा है कि बैग में करीब ढ़ाई लाख रुपये थे। आनन-फानन में वह आरोपी प्रियांशु के घर पहुंचा और उसके पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद फरमान आरोपी के पिता को लेकर बैंक भी गया, बाद में उसने थाने में जाकर तहरीर दे दी। थाना प्रभारी धीरज सिंह सोलंकी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- संभल: मकान पर कब्जे की नीयत से पथराव, चार राहगीरों सहित पांच घायल
