प्रेम करने की दिल दहलाने वाली सजा, युवक को पेड़ से बांध कर जला दिया
प्रतापगढ़। यहां सोमवार देर रात एक महिला के परिवार वालों ने एक लड़के को पेड़ से बांध कर उसे आग के हवाले कर दिया। इस लड़के का महिला के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। 25 साल का यह शख्स फतनपुर थानान्तर्गत भुजौनी गांव का रहने वाला था। उसकी मौके पर ही मौत हो …
प्रतापगढ़। यहां सोमवार देर रात एक महिला के परिवार वालों ने एक लड़के को पेड़ से बांध कर उसे आग के हवाले कर दिया। इस लड़के का महिला के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। 25 साल का यह शख्स फतनपुर थानान्तर्गत भुजौनी गांव का रहने वाला था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना से गुस्साए लड़के के परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने मिल कर हिंसक प्रदर्शन किया और पुलिस के दो वाहनों को आग लगा दी। तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यहां अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रतापगढ़ के एसपी अभिषेक सिंह के मुताबिक, कुछ लोग अंबिका पटेल के घर में घुस कर उसे घसीटकर बाहर ले आए। इसके बाद पटेल को कुछ ही दूरी पर स्थित एक पेड़ से बांध दिया गया और उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई। ऐसा करने के बाद वे वहां से भाग निकले।
पीड़ित लड़के के परिवार के सदस्यों और उत्तेजित गांव वालों ने पीआरवी और एक अन्य पुलिस जीप को आग लगा दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी करने की मांग भी की। एसपी ने कहा कि पटेल के रिश्तेदारों ने बताया कि युवक का उसके गांव की ही किसी महिला से प्रेम प्रसंग था।
इसकी वजह से दोनों परिवारों के बीच कई बार अनबन भी हुई थी। पटेल ने कथित तौर पर कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर महिला की एक वीडियो क्लिप को साझा किया था। इससे परिवारों के बीच तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया था। महिला के परिवार के सदस्यों ने फतनपुर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में पटेल के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
हाल ही में उसे जेल से रिहा किया गया था। इस महिला का हाल ही में पुलिस कांस्टेबल के रूप में चयन हुआ है और वह कानपुर में तैनात है। एसपी ने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
