लखनऊ : विभागीय जांच खत्म कराने का झांसा देकर इंस्पेक्टर के भाई से साढ़े तेरह लाख ठगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ । राजधानी में इंस्पेक्टर पर चली रही विभागीय जांच को खत्म करने का झांसा देकर जालसाज ने साढ़े तेरह लाख रुपये हड़प लिए हैं। जब इंस्पेक्टर को इस बात की जानकारी हुई तो उसने विभूतिखंड कोतवाली में तहरीर देते हुए जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते …

अमृत विचार, लखनऊ । राजधानी में इंस्पेक्टर पर चली रही विभागीय जांच को खत्म करने का झांसा देकर जालसाज ने साढ़े तेरह लाख रुपये हड़प लिए हैं। जब इंस्पेक्टर को इस बात की जानकारी हुई तो उसने विभूतिखंड कोतवाली में तहरीर देते हुए जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।

मूल रूप से कासगंज जनपद के सिकंदपुर थानाक्षेत्र के बठौला निवासी अनिल प्रताप सिंह यूपी पुलिस ने इंस्पेक्टर के पद तैनात हैं। उन्होंने बताया कि साल 2018 में उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही थी। जिस वजह उनका परिवार कठिनाई का सामना कर रहा था। उन्होंने बताया कि उनका मौसेरा भाई सुग्रीव सिंह चौहान उनसे अक्सर मिलने-जुलने आता था। इसी बीच सुग्रीव की मुलाकात विभूतिखंड थानाक्षेत्र ब्लूम वर्ग टावर के ओमेक्स हाइट सोसाइटी निवासी उपेंद्र राय से हुई।

आरोप है कि उस वक्त सुग्रीव से बड़ी-बड़ी बातें करते हुए जालसाज ने इंस्पेक्टर पर चल रही विभागीय जांच को खत्म करने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में जालसाज ने सुग्रीव से 13 लाख 80 हजार रुपये की मांग की थी। जालसाज के बहकावे में आकर सुग्रीव ने उसे मुंह मांगी रकम दे दी थी। इसके बाद सुग्रीव ने उन्हें इस बारे में जानकारी दी।

बता दें कि यह सुनकर इंस्पेक्टर अपने भाई को लेकर उपेंद्र से मिलने उसके घर पहुंचा। इस दौरान उपेंद्र ने रकम वापस करने का वादा किया था। आरोप है कि दवाब में आकर जालसाज ने तीन किस्तों में एक लाख रूपया वापस किया था, इसके बाद जालसाज ने कॉल रिसीव करना ही बंद कर दिया। आरोप है कि बीते छह अगस्त को इंस्पेक्टर ने जालसाज को कॉल कर रुपया मांगा तो वह गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा।

इसके बाद इंस्पेक्टर ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था से शिकायत की और उनके आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस सम्बन्ध में विभूतिखंड कोतवाली प्रभारी डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरु कर दी है। जल्द ही जालसाज को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- कानपुर: अपराधियों से सांठगांठ रखने वाले सात पुलिस कर्मियों को क्राइम ब्रांच ने किया लाइन हाजिर

संबंधित समाचार