बिजनौर: ‘प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली नहीं फिर भी आवेदन कर रहा विपक्ष’
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है और विपक्ष आवेदन करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी की तपस्या का फल है कि आज हिन्दुस्तान बदल रहा …
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है और विपक्ष आवेदन करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी की तपस्या का फल है कि आज हिन्दुस्तान बदल रहा है।
- नजीबाबाद पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री
- जोगीरमपुरी दरगाह पर चादर चढ़ाकर मांगी मुल्क के लिए दुआ।
मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी नजीबाबाद पहुंचे। यहां पर उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह अपने काफिले के साथ जोगीरमपुरी दरगाह पहुंचे। यहां पर चादरपोशी कर मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी। अंत में वह मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उनके निशाने पर विपक्ष रहा। कहा कि प्रधानमंत्री की कामयाबी कोई पानी का बुलबुला नहीं हैं बल्कि यह उनके परिश्रम का फल है।
यही वजह है कि आज हिन्दुस्तान बदल रहा है। अब सियासत परिवार की विरासत पालने की बजाए बाहर निकलकर गरीबों के चूल्हे-चौके और उनकी परेशानियों को दूर करने की प्राथमिकता बन गई है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है और विपक्ष ने आवेदन करने शुरू कर दिए है। वर्ष 2024 में देश की जनता इन आवेदनों को पूरी तरह से खारिज कर देगी। लोकसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा फिर केंद्र में अपनी सरकार बनाएगी।
इस दौरान रेलमंत्री द्वारा बिजनौर का दौरा न करने का भी मुद्दा उठा। दो लोकसभा सीटों के प्रभारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दौरा न करने के सवाल पर नकवी ने कहा कि जल्द ही वह दौरा करके यहां की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान दौरान विश्व प्रसिद्ध दरगाह में आने वाला खराब रोड और दरगाह के आसपास प्लाटिंग के नाम पर जायरीनो के साथ ठगी का मुद्दा भी उठा। जिस पर उन्होंने हर संभव विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राजीव टंडन गोल्डी, मोहम्मद अली आब्दी, ग़ुलाम असकरी, सलमान हैदर, जिया अब्बास जैदी, मोहम्मद रमजान, इसरार जैदी आदि लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: ट्रक के रुपयों के लेनदेन पर भिड़े चचेरे-तहेरे भाई, धक्का देने से एक की मौत
