गिलगित बाल्टिस्तान में बौद्ध धरोहर की तोड़फोड़ पर भारत ने जताया रोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू -कश्मीर के गिलगित बाल्टिस्तान क्षेत्र में अमूल्य भारतीय बौद्ध धरोहरों की ताेड़ फोड़ एवं ध्वस्त किये जाने पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की है और पाकिस्तान से इस विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करने एवं वैधानिक रूप से उस भारतीय क्षेत्र से कब्ज़ा हटाने को कहा है। विदेश मंत्रालय …

नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू -कश्मीर के गिलगित बाल्टिस्तान क्षेत्र में अमूल्य भारतीय बौद्ध धरोहरों की ताेड़ फोड़ एवं ध्वस्त किये जाने पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की है और पाकिस्तान से इस विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करने एवं वैधानिक रूप से उस भारतीय क्षेत्र से कब्ज़ा हटाने को कहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव में यहां संवाददाताओं से कहा कि हमने पाकिस्तान के अवैध एवं बलपूर्वक कब्जे वाले भारतीय क्षेत्र के तथाकथित गिलगित बाल्टिस्तान क्षेत्र में स्थित अमूल्य भारतीय बौद्ध धरोहरों की तोड़फोड़ एवं ध्वंस की रिपोर्टों पर अपनी गंभीर चिंता पाकिस्तान सरकार को प्रेषित की है।

उन्होंने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि पाकिस्तान के अवैध कब्ज़े वाले भारतीय क्षेत्र में बौद्ध चिह्नों को नष्ट किया जा रहा है और धार्मिक एवं सांस्कृतिक अधिकार एवं स्वतंत्रता को बेरहमी से कुचला जा रहा है। इतनी प्राचीन सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत धरोहर को उजाड़ने वाली इस प्रकार की उग्र गतिविधियां अत्यंत निंदनीय हैं।

श्रीवास्तव ने कहा कि हमने पाकिस्तान को इस अमूल्य पुरातात्विक धरोहर के संरक्षण एवं पुनरोद्धार के लिए अपने विशेषज्ञाें को तुरंत वहां जाने की अनुमति देने को कहा है। हमने पाकिस्तान का एक बार फिर आह्वान किया है कि वे अवैध रूप से कब्जाए गये इलाकों को तुरंत खाली करे तथा वहां रहने वाले लोगों के राजनीतिक आर्थिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों के घोर उल्लंघन का रोके।

संबंधित समाचार