हरदोई: शहर में यातायात पुलिस कर रही है फर्जी चालान, मामला दर्ज
हरदोई। गाड़ियों के मालिकान इस बात का ध्यान रखें कि यातायात पुलिस उन के ऊपर फर्ज़ी और झूठा चालान करते हुए जुर्माना अदा करने का दबाव बना सकती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिसमें अदालत के आदेश पर प्रभारी यातायात प्रवर्तन केन्द्र और चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया …
हरदोई। गाड़ियों के मालिकान इस बात का ध्यान रखें कि यातायात पुलिस उन के ऊपर फर्ज़ी और झूठा चालान करते हुए जुर्माना अदा करने का दबाव बना सकती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जिसमें अदालत के आदेश पर प्रभारी यातायात प्रवर्तन केन्द्र और चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मामला शहर का है। मोहल्ला आज़ाद नगर निवासी रामेन्द्र कुमार गुप्ता पुत्र प्रेम गुप्ता ने सीजेएम की अदालत में दी अर्ज़ी में कहा था कि यातायात पुलिस ने उसकी गाड़ी नंबर यूपी-30/एंटी/5722 के खिलाफ झूठा और फर्ज़ी चालान कर उसके ऊपर जुर्माना अदा करने का दबाव भी बनाया। जबकि छानबीन में पाया गया कि मिनी ट्रक नंबर- यूपी-30/एंटी/5782 यातायात नियमों को तोड़ा था।
रामेंद्र कुमार गुप्ता ने अदालत को बताया था कि जब वह अपनी बात कहने यातायात प्रवर्तन केन्द्र पुलिस लाइन पहुंचा तो वहां बैठे पुलिस कर्मियों ने उससे हर हाल में जुर्माना अदा करने को कहते हुए बदसुलूकी की। वह अपनी फरियाद लिए हुए इधर-उधर भटकता रहा। थक-हार कर उसने अदालत का दरवाज़ा खटखटाया है।
इस मामले पर सीजेएम की अदालत ने प्रभारी यातायात प्रवर्तन केन्द्र और चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया। कोतवाली शहर पुलिस ने अदालत के आदेश पर प्रभारी यातायात प्रवर्तन केन्द्र और चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ धारा 506 के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें-मुंबई यातायात पुलिस को व्हाट्सऐप पर मिली ‘26/11 जैसे’ हमले की धमकी, जांच शुरू
