बरेली: चक महमूद, चनेहटी, कसावान, सर्नियागंज बनाए नए कंटेनमेंट जोन
बरेली,अमृत विचार। अनलाक में कोरोना तेजी से फैल रहा है। प्रवासियों के संक्रमित निकलने से आमजन में कोरोना को लेकर दहशत भी बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन भी जनपद में बढ़ते जा रहे हैं। पुराना शहर के मोहल्ला चक महमूद, फरीदपुर के कसावान, सीबीगंज के सर्नियागंज और चनेहटी गांव में संक्रमित …
बरेली,अमृत विचार। अनलाक में कोरोना तेजी से फैल रहा है। प्रवासियों के संक्रमित निकलने से आमजन में कोरोना को लेकर दहशत भी बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही कंटेनमेंट जोन भी जनपद में बढ़ते जा रहे हैं। पुराना शहर के मोहल्ला चक महमूद, फरीदपुर के कसावान, सीबीगंज के सर्नियागंज और चनेहटी गांव में संक्रमित निकलने के बाद शुक्रवार शाम स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी स्थानों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने नए कंटेनमेंट जोन को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह क्षेत्र कंटेनमेंट जोन इसलिए बनाए गए हैं, क्योंकि बाहर से लौटने के बाद संक्रमित अपने घरों को भी गए थे। चक महमूद निवासी संक्रमित सैंपल देने के बाद घर आ गया था।
वहीं, जिलाधिकारी की ओर से संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को कंटेनमेंट जोन में पाबंदी सख्त रखने के निर्देश जारी किए हैं। मोहल्ला चक महमूद में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम रोहित यादव बतौर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई कराने की व्यवस्था जल्द बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना काल में प्रवासियों की लापरवाही सैकड़ों लोगों के लिए मुसीबत लेकर आई है।
संक्रमित पांच घंटे घर पर रुका, 21 दिन चनेहटी के ग्रामीण रहेंगे पाबंद
दिल्ली से कार द्वारा लौटने के बाद चनेहटी का युवक करीब पांच घंटे घर पर रहा। उसके यहां पांच घंटे परिवार के साथ ग्रामीणों पर भारी पड़ गए। संक्रमित निकलने पर कंटेनमेंट जोन घोषित होते ही चनेहटी गांव का करीब 250 मीटर एरिया पुलिस ने सील कर दिया। शुक्रवार दोपहर तक हॉटस्पॉट जैसा कुछ नहीं दिख रहा था लेकिन दोपहर बाद कैंट पुलिस ने एरिया सील करा दिया।
शाम को एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह ने कंटेनमेंट जोन का दौरा किया और तैनात पुलिस कर्मियों को घरों को घरों से न निकलने देने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि चनेहटी गांव निवासी संक्रमित युवक कार से दिल्ली से आया था। सैंपल देने से पहले युवक घर आ गया। करीब पांच घंटे युवक घर पर रहा। इसके बाद 300 बेड हॉस्पिटल में उसने सैंपल दिया और क्वारंटाइन हो गया। जांच में संक्रमित निकल गया।
