अमरोहा : कलेक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री ने की बैठक, फुंके ट्रांसफॉर्मर को बदलने के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। प्रदेश के ऊर्जा एवं वैकल्पिक विभाग के राज्यमंत्री डा.सोमेंद्र तोमर ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभाग के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जला और खराब ट्रांसफॉर्मर हर हाल में 24 घंटे के भीतर बदल दिया जाए। कहा कि एक विभागीय ग्रुप बनाया जाए, जिसमें जनप्रतिनिधियों …

अमरोहा, अमृत विचार। प्रदेश के ऊर्जा एवं वैकल्पिक विभाग के राज्यमंत्री डा.सोमेंद्र तोमर ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभाग के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जला और खराब ट्रांसफॉर्मर हर हाल में 24 घंटे के भीतर बदल दिया जाए। कहा कि एक विभागीय ग्रुप बनाया जाए, जिसमें जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाए। क्योंकि लगातार शिकायत मिल रही हैं कि विभागीय अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाते हैं।

मंत्री ने कहा कि अब प्राथमिकता के साथ सभी का फोन उठे और समस्याओं को निस्तारित करें। बिल सम्बन्धी शिकायतें सुधारें। अगली बैठक में इस तरह की शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। लोड के अनुसार ट्रांसफर की क्षमता बढ़ाई जानी चाहिए। यदि क्षमता होने के बाद भी बार-बार ट्रांसफार्मर जल रहा है तो कंपनी को पत्र लिखा जाए। हर हाल में ट्रांसफॉर्मर जलने के 24 घंटे में बदल जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बिजली चोरी जैसी घटनाओं में भी विभाग की संलिप्तता रहती है उसको सुधारा जाए। अधीनस्थों की निगरानी की जाए। जो शिकायत के प्रार्थना पत्र मिले हैं, अधीक्षण अभियंता उनकी जांच कराकर गंभीरता के साथ कार्रवाई करें। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने मंत्री को आश्वासन देते हुए कहा कि यहां जिन बिंदुओं पर चर्चा की गई है, उनका अक्षरश: पालन किया जाएगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भगवान शरण, मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र शेखर शुक्ल, विधायक हसनपुर महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक धनौरा राजीव तरारा, शिक्षक विधायक डा.हरी सिंह ढिल्लो, जिलाध्यक्ष डा.ऋषि पाल नागर सहित अन्य अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक से पहले राज्यमंत्री ने जेएस कालेज में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर एक सेमिनार को संबोधित किया। कलेक्ट्रेट में मंत्री को गार्ड-आफ आनर दिया गया।

पार्टी कार्यकर्ताओं संग की बैठक
राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। कार्यकर्ताओं ने बिजली कर्मचारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया। अधिकारियों के कामकाज से नाराज दिखे भाजपा विधायक राजीव तरारा ने कहा किअधिकारी सुविधा शुल्क लेकर कर काम रहे हैं। बिजली विभाग सरकार की छवि धूमिल कर रहा।
जबकि एक प्रश्न के उत्तर में राज्य मंत्री ने समाजवादी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। कहा कि अखिलेश की सरकार जनता ने देखी है। इसलिए वह हार के कारण परेशान हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद के लिए उनके दिल में कितना प्यार और स्नेह है, यह जनता ने देखा है। 2017 से विद्युत विभाग ने भी हर गांव, हर जिले में विद्युत पहुंचाई है। अब कोई गांव या कस्बा ऐसा नहीं, जहां बिजली ना पहुंची हो।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: जिले में लंपी का बढ़ रहा खतरा, वायरस से तीन गोवंशों की मौत, 25 बीमार

संबंधित समाचार