मेरठ: भाकियू ने जाम किया हाईवे, राकेश टिकैत ने उठाई यह बड़ी मांग
शामली/ मेरठ, अमृत विचार। किसानों ने अपने मुद्दे लेकर बड़ा प्रदर्शन किया है। शामली में मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने पानीपत खटीमा हाईवे पर जाम लगाया। इस दौरान भारी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता हाईवे पर जमा हो गए और प्रदर्शन किया। वहीं धरना प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभावित …
शामली/ मेरठ, अमृत विचार। किसानों ने अपने मुद्दे लेकर बड़ा प्रदर्शन किया है। शामली में मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने पानीपत खटीमा हाईवे पर जाम लगाया। इस दौरान भारी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता हाईवे पर जमा हो गए और प्रदर्शन किया। वहीं धरना प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार बकाया गन्ना भुगतान, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का मुआवजा बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे जाम कर दिया।
प्रदर्शन में शामिल हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा शांतिपूर्ण आंदोलन से सरकार किसानों की जायज मांगें मानने के लिए तैयार नहीं है। इसलिए उन्हें यह रास्ता अपनाना पड़ा। गन्ना भुगतान न होने से किसान बड़े संकट में हैं। उनके घर के खर्च नहीं चल पा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई छूट रही है। बीमारियों का इलाज नहीं हो पा रहा है।
इसके अलावा किसानों की भूमि कौड़ियों के भाव खरीद कर सरकार हाईवे बनाना चाहती है। जिससे किसान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। हाईवे जाम की वजह से लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
