पंजाब के विकास को रोकने के लिए कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा एकजुट- चीमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। पंजाब में भाजपा नेताओं द्वारा ‘आप’ विधायकों को अप्रोच किए जाने के मामले में कांग्रेस पार्टी की चुप्पी पर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस को भाजपा की ‘बी-टीम’ करार दिया। आप नेता और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस गुप्त रूप से भगवा …

चंडीगढ़। पंजाब में भाजपा नेताओं द्वारा ‘आप’ विधायकों को अप्रोच किए जाने के मामले में कांग्रेस पार्टी की चुप्पी पर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस को भाजपा की ‘बी-टीम’ करार दिया। आप नेता और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस गुप्त रूप से भगवा पार्टी के लिए काम कर रही है।

इन सबका मकसद किसी भी तरह पंजाब की प्रगति और विकास को रोकना है। उन्होंने कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि कांग्रेस जो गोवा में ऑपरेशन लोटस का शिकार हो गई। बावजूद इसके भाजपा का विरोध करने के बजाय ‘आप’ से सबूत मांग रही है और हैरानी की बात है कि कांग्रेस के किसी भी नेता ने भाजपा से सवाल पूछने की हिम्मत नहीं की, लेकिन हमसे खरीद-फरोख्त के सबूत मांग रहे हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अंदरखाने भाजपा का समर्थन कर रही है।

पंजाब में कांग्रेस नेताओं की चुप्पी भाजपा के साथ उनके गठजोड़ को उजागर करती है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच का सामना कर रही हैं और उन्हें बचाने के लिए कांग्रेस भाजपा के खिलाफ कुछ भी बोलने से डर रही है। भाजपा के निर्देशानुसार अब कांग्रेस का एक ही मकसद है कि ‘आप’ को किसी तरह रोका जाए।

चीमा ने अकाली दल पर भी निशाना साधा और कहा कि शिरोमणि अकाली दल का लंबे समय से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के गठबंधन था और अब वह फिर से भाजपा के साथ गठबंधन करना चाहता है। इसलिए अकाली नेता भाजपा के बयानों का समर्थन कर रहे हैं। यहां तक ​​कि उन्होंने आप विधायकों को 25 करोड़ रुपये ऑफर करने और पंजाब में आप सरकार को गिराने की कोशिश करने की भाजपा की नापाक रणनीति पर भी आपत्ति नहीं जताई।

उन्होंने अकाली दल और कांग्रेस नेताओं को प्रदेश में भाजपा द्वारा आप विधायकों की खरीद-फरोख्त के सबूत मांगने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता आधिकारिक तौर पर भाजपा के प्रवक्ता बन गए हैं या वे भाजपा की तरह लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं।

मोदी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए चीमा ने कहा कि भाजपा पंजाब में सीरियल किलर की तरह काम कर रही है और राष्ट्रीय विरोधी ताकतों के साथ मिलकर पंजाब में आप सरकार को गिराने का निरंतर प्रयास कर रही है,लेकिन उसके घटिया मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने इन सारे मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पंजाब और दिल्ली के ‘आप’ विधायकों की खरीद-फरोख्त समेत गोवा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के कांग्रेसी विधायकों की भी खरीद-फरोख्त मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में हो।

उन्होंने कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला गई है। उन्होंने कहा कि आप विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में पंजाब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही भाजपा की काली करतूत का खुलासा होगा।

यह भी पढ़ें- भाजपा सरकार आदिवासी विरोधी, विधायक को सदन में बात उठाने का हक भी नहीं : कमलनाथ

संबंधित समाचार