पुलिसवाले बनकर किया अपहरण, मांगी 10 लाख की फिरौती…चार आरोपी पकड़े
नजीबाबाद (बिजनौर),अमृत विचार। नजीबाबाद थाना क्षेत्र की पूर्वी गंग नहर चौकी के पास पुलिस ने सफेद रंग की कार में जा रहे चार बदमाशों को शनिवार को पकड़ लिया। पकड़े गए चारों बदमाश एक दिन पूर्व उत्तराखंड के काशीपुर से कार सवार दो युवकों को अपहरण कर फिरौती की मांग कर रहे थे। शेरकोट थाना …
नजीबाबाद (बिजनौर),अमृत विचार। नजीबाबाद थाना क्षेत्र की पूर्वी गंग नहर चौकी के पास पुलिस ने सफेद रंग की कार में जा रहे चार बदमाशों को शनिवार को पकड़ लिया। पकड़े गए चारों बदमाश एक दिन पूर्व उत्तराखंड के काशीपुर से कार सवार दो युवकों को अपहरण कर फिरौती की मांग कर रहे थे। शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव निवासी यशवीर ने बताया कि वह अपने नौकर मुकेश के साथ स्विफ्ट कार से उत्तराखंड के काशीपुर गए थे। इसी दौरान काशीपुर में सड़क किनारे खड़ी युवती ने लिफ्ट मांगी और हमने उसे अपने साथ कार में बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद युवती ने कार रोकने को कहा जैसे ही कार रुकी तभी दूसरी सफेद रंग की कार से कुछ लोग उतरे, जो खुद को पुलिस बता रहे थे।
चारों लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और मोबाइल भी छीन लिए। इस दौरान बदमाशों ने यशवीर और मुकेश को दोनों कारों में अलग-अलग बैठा लिया, जिसके बाद दोनों के साथ कार में मारपीट की गई और कहने लगे कि जिस युवती को तुमने कार में बैठाया है, वह अपने पति को मारकर फरार थी। तुम दोनों भी इस युवती के साथ मिले हुए हो, यह आरोप लगाते हुए 10 लाख की फिरौती मांगने लगे।
अपहरणकर्ता दोनों युवकों को रामनगर एक होटल में ले गए और रात भर वहां ठहरे सुबह होने पर वहां से लेकर चल दिए। जिसके बाद धामपुर नगीना होते हुए नजीबाबाद पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने यशवीर को फिरौती के पैसे लेने के लिए घर भेज दिया और मुकेश को अपनी कार में बैठाए रखा। इसी दौरान नजीबाबाद में पीड़ित यशवीर के रिश्तेदार उनकी तलाश में पूर्वी गंग नहर चौकी पर घूम रहे थे तभी कुछ दूरी पर सफेद रंग की कार दिखाई दी तो उन्होंने पुलिस को कार रोकने के लिए कहा जैसे ही पुलिस ने कार रोकी तो बदमाश कार छोड़कर भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने दौड़ कर बदमाशों को पकड़ा इस दौरान मौके पर काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई वहीं पुलिस युवकों को अपनी गाड़ी में बैठा कर थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम का कहना है कि अभी जांच जारी है, फिलहाल कुछ नही कहा जा सकता है।
बदमाशों के साथ नहीं मिली लिफ्ट वाली युवती
पीड़ित यशवीर का कहना है की जिस युवती ने काशीपुर में उनकी कार से लिफ्ट मांगी थी, वह युवती अब बदमाशों के साथ नहीं मिली है। हो सकता है यह गैंग युवती को इस्तेमाल कर अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा हो।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : बड़े भाई की हत्या में छोटे भाई को उम्रकैद, बीवी को किया बरी
