त्रिपुरा सरकार ने 80 हजार लाभार्थियों की सामाजिक पेंशन को किया दोगुना
अगरतला। त्रिपुरा में 60 सदस्यीय सदन के लिए महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव से चार महीने पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72 वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी( भाजपा)के नेतृत्व वाली सरकार ने मासिक सामाजिक पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये करने की घोषणा की है। नयी पेंशन इसी महीने लागू …
अगरतला। त्रिपुरा में 60 सदस्यीय सदन के लिए महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव से चार महीने पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72 वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी( भाजपा)के नेतृत्व वाली सरकार ने मासिक सामाजिक पेंशन को एक हजार रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये करने की घोषणा की है। नयी पेंशन इसी महीने लागू हो जायेगी और 25 योजनाओं के 80 हजार से अधिक लाभार्थियों को इससे फायदा होगा।
भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी घोषणा पत्र में इसका वादा किया था। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले 299 वादे किए थे और सामाजिक पेंशन में बढ़ोतरी भी उनमें से एक थी। लाभार्थी सूची की जांच के नाम पर सरकार ने दो साल से अधिक समय तक वितरण को रोक दिया था और अंत में इसे 2020 में 700 रुपये से 300 रुपये की बढ़ोतरी के साथ फिर से शुरू किया गया था।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने ‘हर घर सुशासन’ (हर घर में सुशासन) की शुरुआत करते हुए निर्णय की घोषणा की और इस दावे को दोहराया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले ही अपने सभी चुनावी वादों को पूरे कर दिये है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है और विकास की गति को तेज किया गया है।
डॉ.साहा ने कहा, वादों के कार्यान्वयन में अधिक समय लगा है क्योंकि 25 साल के कम्युनिस्ट शासन ने व्यवस्था को अव्यवस्थित कर दिया था क्योंकि हर जगह अपने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देकर, वास्तविक लोगों को वंचित कर दिया था। फिर भी व्यवस्था साफ-सुथरी और लोगों के अनुकूल नहीं है, इसमें और समय लगेगा लेकिन हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इसे करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कभी भी फुर्सत या छुट्टी के बारे में नहीं सोचते बल्कि हर समय काम करते रहते हैं। वह त्रिपुरा में हर स्तर पर प्रशासनिक कामकाज की सख्ती से निगरानी करते हैं और हमेशा राज्य सरकार को लोगों के लिए विकास कार्यों को उच्चतम स्तर पर करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
ये भी पढ़ें- एनआईए ने दो राज्यों में 40 स्थानों पर पीएफआई के खिलाफ की छापेमारी, चार हिरासत में
