लखनऊ : रोडवेज बस पर टूटकर गिरा बिजली का तार, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। बिजली विभाग की लापरवाही से सोमवार को रोडवेज की बस आग का गोला बनने से बच गई। दरअसल कैसरबाग बस अड्डे से निकली रोडवेज बस दिल्ली के लिए रवाना हुई। लेकिन कैसरबाग स्थित हाईकोर्ट के सामने इस बस पर बिजली का तार टूट कर गिर गया। तार टूट कर गिरते ही हड़कंम …

अमृत विचार, लखनऊ। बिजली विभाग की लापरवाही से सोमवार को रोडवेज की बस आग का गोला बनने से बच गई। दरअसल कैसरबाग बस अड्डे से निकली रोडवेज बस दिल्ली के लिए रवाना हुई। लेकिन कैसरबाग स्थित हाईकोर्ट के सामने इस बस पर बिजली का तार टूट कर गिर गया। तार टूट कर गिरते ही हड़कंम मच गया। चालक-परिचालक बस के बाहर कूद गए। करंट उतरने के डर से यात्रियों में चीखपुकार मच गई। साहिबाबाद डिपो की बस संख्या यूपी 14 सीटी 0165 में 17 यात्रियों ने बस के दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई।

सोमवार की शाम तकरीबन चार बजे कैसरबाग स्थित पुराने हाईकोर्ट चौराहे पर यह हादसा हुआ। तार टूट कर बस पर गिरते ही आस-पास के लोगों ने जागरुकता दिखाई। आनन-फानन में बांस के सहारे बिजली के इस तार को बस की छत से किनारे किया गया। हालांकि इस दौरान तार जल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से बिजली का तार यहां पर सड़क के इस पार से उस पार तक लटक रहा था। बिजली विभाग के कर्मचारियों को इसकी शिकायत की गई थी लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की सूझबूझ से यात्रियों को बस से सुरक्षित उतारा गया।

तो जल उठती बस

मौके पर पहुंचने बिजली विभाग के कर्मचारियों के अनुसार तार में करंट था। लेकिन केबिल होने के चलते करंट बस में प्रवाहित नहीं हुआ। करंट यदि बस में प्रवाहित हो जाता तो बस जल उठती और इससे बड़ा हादसा हो सकता था।बस पर बिजली के तार गिरने से आधे घंटे तक कलेक्ट्रेट चौराहे के पास अफरा-तफरी का महौल रहा। खौफजदा यात्री सड़क के किनारे बैठे रहे। यात्रियों को पहले पानी पिलाया गया और बाद में उन्हें उसी बस से दिल्ली रवाना कर दिया गया।

कैसरबाग से स्वस्थ्य भवन तक लग गया जाम

घटना के बाद कैसरबाग से स्वास्थ्य भवन तक जाम लग गया। कैसरबाग से ग्लोबपार्क तक आने वाले और ग्लोब पार्क से कैसरबाग की तरफजाने वाले लोग तकरीबन एक घंटे तक यहां फंसे रहे। जाम खुलने की देरी से कई लोग मार्ग बदल कर रवाना हुए।

पावर कारपोरेशन के चेयरमैन ने मांगी घटना की रिपोर्ट

बस पर बिजली के तार टकराने के मामले को पावर कारपोरेशन ने संज्ञान में लिया है। इस मामले में चेयरमैन एम देवराज ने पूरी रिपोर्ट मांगी है। मौके पर पहुंचे अधिशाषी अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि बिजली का तार ढीला था, इसके ठीक करवा दिया गया है। किसी प्रकार कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। इस सम्बन्ध में कैसरबाग बस स्टेशन के एआरएम प्रबंधन रमेश कुमार विष्ट का कहना है कि बस से बिजली के तार टकराने की सूचना मिलते ही मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया। शुक्र यह रहा कि किसी तरह का कोई हादसा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के बाद लगे जाम को हटवा कर बसें रवाना की गई।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ : नगर बस सेवा में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

संबंधित समाचार