अयोध्या: हटाए गए प्राधिकरण सचिव, कई पर लटकी है तलवार
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या सांसद लल्लू सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को प्राधिकरण के खिलाफ एसआईटी जांच कराने को लेकर लिखे पत्र पर कोई जांच होने से पहले ही शासन ने अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव डा संजय कुमार को हटा दिया है। बताया जा रहा है कि नगर में अवैध प्लॉटिंग और अवैध भवन निर्माण को …
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या सांसद लल्लू सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को प्राधिकरण के खिलाफ एसआईटी जांच कराने को लेकर लिखे पत्र पर कोई जांच होने से पहले ही शासन ने अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव डा संजय कुमार को हटा दिया है। बताया जा रहा है कि नगर में अवैध प्लॉटिंग और अवैध भवन निर्माण को लेकर डा कुमार को प्राधिकरण से हटाया गया है।
सोमवार को तबादला आदेश आते ही डीएम नीतिश कुमार ने तत्काल सचिव को रिलीव भी कर दिया। इसे लेकर अब प्राधिकरण में खलबली मची हुई है। बताया जाता है कि शासन के निशाने पर अभी प्राधिकरण के कई और अधिकारी हैं।
प्राधिकरण सचिव को ललितपुर में एडीएम न्यायिक के पद पर भेजा गया है। वहीं उनके स्थान पर सिटी मजिस्ट्रेट रहे सत्येंद्र सिंह को तैनाती मिली है। उन्होंने अपना नया पदभार संभाल लिया है। जबकि सिटी मजिस्ट्रेट के तौर पर हापुड़ से अरविंद द्विवेदी को स्थानांतरित किया गया है। बीकापुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट का दायित्व संभाल रहे डिप्टी कलेक्टर विपिन द्विवेदी को शासन ने सहायक नगर आयुक्त तैनात किया है। दूसरी ओर डिप्टी कलेक्टर विपिन द्विवेदी ने भी सहायक नगर आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। इसके अलावा विकास प्राधिकरण में पहले ओएसडी के तौर पर महेंद्र कुमार सिंह तैनात हुए हैं।
यह भी पढ़ें-अमेठी: सनसनीखेज वारदात से सहम गए ग्रामीण, एसपी,सीओ सहित कई थानों की पुलिस ने गांव में डाला डेरा
