गैंगस्टर विकास दुबे की मां गांव का घर ढहाए जाने पर नाखुश
लखनऊ। गैंगस्टर विकास दुबे की मां सरला दुबे ने राज्य सरकार द्वारा कानपुर के बिकरू गांव में अपना घर ढहाए जाने पर रविवार को यहां नाखुशी जाहिर की। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “घर मेरी पुश्तैनी संपत्ति थी और विकास का नहीं था। यह मेरे ससुर और पति द्वारा बनवाया गया था। सरकार विकास के …
लखनऊ। गैंगस्टर विकास दुबे की मां सरला दुबे ने राज्य सरकार द्वारा कानपुर के बिकरू गांव में अपना घर ढहाए जाने पर रविवार को यहां नाखुशी जाहिर की। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “घर मेरी पुश्तैनी संपत्ति थी और विकास का नहीं था। यह मेरे ससुर और पति द्वारा बनवाया गया था। सरकार विकास के स्वामित्व वाली संपत्तियों को गिरा सकती है, लेकिन हमने क्या किया है?”
विकास शुक्रवार को बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के सिलसिले में वांछित है। जिला प्रशासन ने शनिवार को गांव में स्थित उसके घर को जेसीबी से ढहा दिया और साथ ही दो एसयूवी और दो ट्रैक्टर को भी तहस-नहस कर दिया।
गैंगस्टर की मां ने शुक्रवार को कहा था कि अगर उसके बेटे को पुलिस मुठभेड़ में मार देती है तो उसे कोई दुख नहीं होगा। उन्होंने कहा था, “अगर उसने पुलिसकर्मियों को मारा है, तो वह मारे जाने का हकदार है।”
सरला दुबे ने कहा, “मैं पिछले 4 महीनों से अपने पति से नहीं मिली हूं। मैं अपने छोटे बेटे के साथ लखनऊ में रह रही हूं। विकास को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। हम उसकी वजह से समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पुलिस हमसे और हमारे रिश्तेदारों से सवाल पूछ रही है।”
विकास के पिता राम कुमार दुबे ने कहा कि पुलिसकर्मियों की हत्या की घटना के समय विकास गांव में नहीं था। इस बीच, कानपुर के आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत विकास के बैंक खातों के पैसे और अवैध संपत्ति जब्त करेगी।
गैंगस्टर विकास दुबे की तारीफ में ट्वीट करने पर शख्स गिरफ्तार
कानपुर के काकादेव इलाके में कोचिंग सेंटर चलाने वाले किलकिल सचान को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के संबंध में केशवपुरम इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया है। सचान ने शुक्रवार को जिले के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के लिए सोशल मीडिया पर अपराधी विकास दुबे को सराहा और उसे ‘शेर’ तक कह डाला।
ट्वीट को अब हटा दिया गया है। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश भी कर रही है, जिसकी पहचान रीता पांडे के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अपर्णा गुप्ता ने कहा कि सचान से पूछताछ की जा रही है और आईपीसी और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इस बीच, सूत्रों ने कहा कि सचान, विकास दुबे का करीबी है और उसी के संरक्षण में उसका कोचिंग सेंटर फला-फूला।
