सीतापुर: लखनऊ जाने से रोके गए AAP जिलाध्यक्ष, पैदल मार्च का किया था ऐलान
सीतापुर। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष को लखनऊ जाने से रोका गया है। ऐसे में मंगलवार तड़के से ही उनके घर पर पुलिस का पहरा है। आप जिलाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें राजभवन जाकर रामपुर मथुरा में हुए कार्यों में घोटालों की शिकायत करनी थी। ऐसे में उन्हें पुलिस ने घर पर ही रोक …
सीतापुर। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष को लखनऊ जाने से रोका गया है। ऐसे में मंगलवार तड़के से ही उनके घर पर पुलिस का पहरा है। आप जिलाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें राजभवन जाकर रामपुर मथुरा में हुए कार्यों में घोटालों की शिकायत करनी थी। ऐसे में उन्हें पुलिस ने घर पर ही रोक रखा है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने जिले के रामपुर मथुरा विकास खण्ड में हुए निर्माण कार्य का मुद्दा उठाया था। आप जिलाध्यक्ष का दावा था कि जिले के सबसे अधिक बाढ़ और कटान प्रभावित क्षेत्र में बड़ा घोटाला हुआ है, जो करोड़ों में है। इसको लेकर इन्होने एसडीएम और फिर डीएम अनुज सिंह को 42 पन्नों का पत्र दिया था।
दावा किया गया था कि ये घोटालों के साक्ष्य हैं। ऐसे में कार्रवाई न होने की बात कहते हुए आम आदमी पार्टी ने राजभवन जाने का ऐलान किया था। बुधवार को लखनऊ जाने की सभी तैयारियां थीं, ऐसे में तड़के कोतवाली पुलिस ने आप जिलाध्यक्ष आनंद जायसवाल को कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित आवास विकास में घर पर ही रोक लिया। घर के बाहर पुलिस बिठा दी गई।
इस दौरान आप जिलाध्यक्ष और कोतवाली पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इसी तरह जिले के रामकोट, इमलिया सहित अन्य स्थानों पर आप पदाधिकारियों को लखनऊ जाने से रोका गया है। शहर कोतवाल टीपी सिंह का कहना है कि आम आदमी पार्टी के सदस्य और कार्यकर्ताओं के पैदल लखनऊ जाने की सूचना थी। हाइवे पर जाम लगने की आशंका के चलते आप जिलाध्यक्ष को उनके घर पर रोका गया है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: सपा का पैदल मार्च रोका तो धरने पर बैठे अखिलेश
