उन्नाव : मां के अंतिम संस्कार के दौरान बेटे ने लगाई गंगा में छलांग, बचाने के लिए उतरे भाई और दो भतीजे भी डूबे
अमृत विचार, बांगरमऊ, उन्नाव। वयोवृद्ध मां की अचानक मृत्यु का सदमा बड़ा पुत्र बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने अंतिम संस्कार के दौरान गंगा में छलांग लगा दी। बड़े भाई को बचाने के लिए छोटा भाई भी नदी में कूद पड़ा। दोनों को डूबता देख कर मृतका के दो युवा पौत्र भी उन्हें बचाने के …
अमृत विचार, बांगरमऊ, उन्नाव। वयोवृद्ध मां की अचानक मृत्यु का सदमा बड़ा पुत्र बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने अंतिम संस्कार के दौरान गंगा में छलांग लगा दी। बड़े भाई को बचाने के लिए छोटा भाई भी नदी में कूद पड़ा। दोनों को डूबता देख कर मृतका के दो युवा पौत्र भी उन्हें बचाने के लिए गहरे पानी में फांद पड़े और चारों चाचा भतीजे गंगा की तेज धारा में डूबने लगे।
मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तैर कर वृद्धा के दोनों पुत्रों को तो बचा लिया। लेकिन दोनों युवा पौत्र नदी के गहरे पानी में समा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों के जरिए दोनों भाइयों को तलाश करने में जुटी है। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक भी गंगा तट पहुंच कर रेस्क्यू अभियान का जायजा ले रहे हैं।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गांव रूरी सादिकपुर निवासी 75 वर्षीय मृतका रामकुवांरा पत्नी राजाराम के शव का आज दोपहर यहां के नानामऊ गंगा तट पर अंतिम संस्कार हो रहा था। अंतिम संस्कार में वृद्धा के पुत्र और पौत्र सहित सभी परिवारीजन तथा ग्रामीण गंगा तट पर मौजूद थे। तभी मां की मृत्यु का सदमा बर्दाश्त न कर पाने के चलते मृतका का 40 वर्षीय पुत्र छोटू उर्फ मुनेश ने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी।
उसे डूबता देख मुनेश का छोटा भाई 38 वर्षीय मिंटू भी पानी में कूद पड़ा और दोनो भाई गहरे पानी में डूबने लगे। तभी अपने दोनों चाचा को बचाने के लिए मृतका के पौत्र आकाश 20 वर्ष और राकेश 24 वर्ष पुत्रगण कमलेश ने भी गहरे पानी में छलांग लगा दी। चाचा- भतीजे चारों को डूबता देखकर आस-पास मौजूद गोताखोर तैरकर गहरे पानी में जा पहुंचे। गोताखोरों ने छोटू उर्फ मुनेश और मिंटू दोनों भाइयों को गंगा की गहरी धारा से निकालकर उनकी जान बचा ली।
जबकि मृतका के दोनों पौत्र आकाश और राकेश गहरे पानी में लापता हो गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ओपी राय स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता दोनों युवकों की तलाश कराने में जुटे हैं। एसडीएम उदित नारायण सेंगर भी घटनास्थल पर पहुंचे और लापता दोनों युवकों की तलाश के लिए और गोताखोरों को जुटाए जाने का निर्देश दिया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल गंगा नदी में डूबे दोनों युवकों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: आर्थिक तंगी से परेशान महिला ने नदी में लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाई जान
