उन्नाव: कुल्हाड़ी से वार कर युवक को उतारा मौत के घाट, इलाके में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में हमलावरों ने मंडी से लौट रहे गल्ला व्यापारी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमलावर उसकी बाइक भी लेकर फरार हो गए। हादसे की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस मामले की जांच पड़ताल …

उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में हमलावरों ने मंडी से लौट रहे गल्ला व्यापारी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमलावर उसकी बाइक भी लेकर फरार हो गए। हादसे की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

पुरवा कोतवाली क्षेत्र के चेतरा गांव निवासी रामकरन गल्ला व्यापारी था। शनिवार देर शाम मरुई गांव व्यापार के सिलसिले में गया था। वहां से वापस लौटते समय इब्राहिमपुर मार्ग पर गांव से 100 मीटर पहले कुछ लोगों ने उसकी बाइक रोक कर उस पर कुल्हाड़ियों से हमला बोल दिया। उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी निर्ममता से हत्या करने के बाद हमलावर उसकी बाइक भी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना से जहां परिजनों में कोहराम मच गया वही पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए। सीओ विक्रमाजीत सिंह, कोतवाल चंद्रकांत सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस जहां घटना के पीछे लूट के विरोध को वजह बता रही है वहीं दूसरी ओर परिजन पुलिस को ही कटघरे में खड़ा करते नजर आ रहे हैं। मृतक के रिश्ते में भांजे ने बताया कि रामकरण के घर की लड़कियों को कुछ युवक छेड़ते थे। 112 पर इसकी शिकायत करने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ने के बाद छोड़ दिया।

परिजनों ने हत्या में उन्हीं लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। हालांकि इस संबंध में पुलिस अभी जांच पड़ताल का हवाला देकर पुख्ता तौर पर कुछ भी कहने से कतराती नजर आ रही है। फिलहाल जिस निर्ममता से हत्या की गई है उससे यह साफ है इसके पीछे लूट नहीं बल्कि कोई अदावत ही वजह रही होगी। अब तक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुरागकाशी के लिए मौके पर डाग स्क्वायड बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें:-छत्तीसगढ़: आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार