अपराधी बेखौफ, योगी सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त: लल्लू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने योगी सरकार पर अपराधियों को खुला संरक्षण देने का आरोप लगाते हुये सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण प्राप्त है। हाल में कानपुर में जो हुआ है उससे प्रदेश …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने योगी सरकार पर अपराधियों को खुला संरक्षण देने का आरोप लगाते हुये सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण प्राप्त है।

हाल में कानपुर में जो हुआ है उससे प्रदेश सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हो गया है। इस मामले के तार अब तो पंचम तल तक पहुंच चुके हैं। उन्होने कहा कि पूरा प्रदेश जंगलराज में तब्दील हो गया है। पिछले तीन सालो के सरकारी आंकड़े इस बात की तस्दीक करते है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है।

कानून व्यवस्था दिन बा दिन लचर होती जा रही है। अपराधियों के हौंसले बुलंद है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था और जंगलराज पर लगातार सवाल उठा रही हैं। आज उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा “ पूरे देश के कुल अवैध हथियारों के मामले में 56 प्रतिशत मामले यूपी में दर्ज है।

2016 -2018 के मध्य यूपी में साइबर अपराधो के मामले में 138 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यूपी सरकार को इन आंकड़ो को संज्ञान में लेकर एक्शन लेने की बजाये इनकी बाजीगरी करने का काम कर रही है। अपराध कम कैसे होगा।“  लल्लू ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। इस सरकार में पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं।

8-8 जवान शहीद हो जाते हैं। अब तो खेल से पर्दा भी उठ गया है कि किस तरह से सत्ताधारियों के संरक्षण में अपराधियों को पाला पोसा जा रहा है। किस तरह से पंचमतल पर बैठे बड़े नौकरशाह इस नेटवर्क के हिस्सा हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि बाराबंकी से लेकर चित्रकूट में खादानों में काम करने वाली किशोरियों के साथ रेप करने की खबरे प्रदेश में बढ़ रहे जंगलराज को पुख्ता करती है। बलिया में तैनात पीसीएस अधिकारी मणि मंजरी की संदेहास्पद मौत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।

आए दिन प्रदेश की महिलाओं के साथ बलात्कार, एसिड अटैक, हत्या, किडनैपिंग जैसे घटनाएं आम हो चली है। योगी राज में आधी आबादी सबसे ज्यादा असुरक्षित हुई हैं। एनसीआरबी के मुताबिक 2018 में देश में 50.74 लाख से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हुए थे, उसमें से 11.5 प्रतिशत यानी 5.85 लाख मामले अकेले यूपी में रिकॉर्ड हुए।

महिलाओं के खिलाफ अपराध में भी यूपी टॉप पर है, 2018 में 59 हजार 445 मामले आए थे, उसमें से 3 हजार 946 बलात्कार के मामले थे। उत्तर प्रदेश में 2017 में ड्यूटी के दौरान 93 पुलिसकर्मियों की जान गई थी, 2018 में 70 पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए है। रेप-मर्डर जैसे हिंसक अपराधों में भी यूपी पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा कि दलित समाज के ऊपर एक तिहाई अपराध अकेले यूपी से है।

संबंधित समाचार