Ujjain Mahakal Lok: उज्जैन में बोले पीएम मोदी- काल की रेखाएं मिटा देते हैं महाकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम को उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के नए दर्शन परिसर महाकाल लोक का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने उज्जैन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महाकाल काल की रेखाएं भी मिटा देते हैं। …

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम को उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के नए दर्शन परिसर महाकाल लोक का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना की।

प्रधानमंत्री ने उज्जैन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महाकाल काल की रेखाएं भी मिटा देते हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी प्रलय के प्रहार से भी मुक्त है। पीएम ने कहा कि उज्जैन के कण-कण में आध्यात्म है। उन्होंने कहा कि यहां ईश्वरीय ऊर्जा संचारित हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां कालचक्र का 84 कल्पों का प्रतिनिधित्व करते 84 शिवलिंग हैं, यहां 4 महावीर हैं। 6 विनायक हैं। 8 भैरव हैं। नवग्रह हैं। 10 विष्णु हैं। 11 रुद्र हैं। 12 आदित्य हैं। 24 देवियां हैं और 88 तीर्थ हैं। और इन सबके केंद्र में महाकाल विराजमान हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि ये वह जगह है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण की। महाकाल लोक में सबकुछ अद्वितीय है। सब कुछ अलौकिक है। उज्जैन भारत की आस्था का केंद्र रहा है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि शिव ही ज्ञान है, ज्ञान ही शिव है। शिव के दर्शन में ही ब्रह्मांड का सर्वोच्च दर्शन है। हमारे ज्योतिर्लिंगों का विकास भारत की आध्यात्मिक ज्योति का विकास है। भारत के ज्ञान और दर्शन का विकास है। भारत का सांस्कृतिक दर्शन एक बार फिर शिखर पर पहुंचकर विश्व का मार्गदर्शन के लिए तैयार हो रहा है। भगवान महाकाल एकमात्र ऐसे ज्योतिर्लिंग हैं, जो कि दक्षिणमुखी हैं।

ये भी पढ़ें- हरियाणा-पंजाब के CM करेंगे SYL मुद्दे का समाधान, 14 अक्तूबर को होगी मान-खट्टर की बैठक

मंदिर में घनश्याम पुजारी ने प्रधानमंत्री को रुद्राक्ष की माला पहनाई, मंत्रोच्चार के साथ त्रिपुड लगाया। इसके बाद उन्होंने नंदी हाल में बैठकर कुछ देर ध्यान किया। महाकाल लोक के लोकार्पण पर वहीं मौजूद लोगों में उत्साह बढ़ा।

देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से महाकालेश्वर का मंदिर उज्जैन में स्थित है। प्रधानमंत्री मोदी ने पारंपरिक धोती और गमछा पहनकर शाम छह बजे मंदिर में प्रवेश किया और गर्भगृह में महाकाल की पूजा की। मोदी के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे।

इससे पहले मोदी अहमदाबाद से इंदौर पहुंचे जहां हवाई अड्डे पर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मोदी हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे जहां प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री चौहान ने उनका स्वागत किया। महाकाल मंदिर पहुंचने के बाद मोदी ने भगवान शिव की पूजा के लिए गर्भगृह में प्रवेश किया।

ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग ने दिया शिंदे को ‘तलवार-ढाल’, उद्धव की ‘मशाल’ का होगा मुकाबला

संबंधित समाचार