अयोध्या: संक्रमण का दायरा देख तय होगा बैठक का स्थान
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अयोध्या में प्रस्तावित बैठक के लिये तैयारियां तेज हो गई है। ट्रस्ट की बैठक 18 जुलाई को अयोध्या में होनी है। बैठक के लिए ट्रस्ट की पहली पसंद परिसर स्थित मानस भवन है लेकिन कोरोना के संक्रमण का दायरा देख बैठक के पूर्व स्थान फाइनल किया …
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अयोध्या में प्रस्तावित बैठक के लिये तैयारियां तेज हो गई है। ट्रस्ट की बैठक 18 जुलाई को अयोध्या में होनी है। बैठक के लिए ट्रस्ट की पहली पसंद परिसर स्थित मानस भवन है लेकिन कोरोना के संक्रमण का दायरा देख बैठक के पूर्व स्थान फाइनल किया जाएगा।
राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बल के दो जवानों के संक्रमित पाए जाने के बाद ट्रस्ट बैठक के स्थान को लेकर अभी पशोपेश में है। भविष्य के हालात देख बैठक का स्थान फाइनल किया जाएगा।
देश के सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 फरवरी 2020 को संसद में राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की घोषणा की थी। 15 सदस्यीय ट्रस्ट में 9 सदस्यों के नाम सार्वजनिक किए गए थे जबकि सरकार और प्रशासन से जुड़े तीन अधिकारियों को नामित सदस्य बनाया गया था।
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक में ट्रस्ट सदस्यों ने अध्यक्ष के रूप में श्री राम जन्मभूमि न्यास और कृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष व मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास को अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय को महासचिव,वरिष्ठ नौकरशाह नृपेंद्र मिश्र को निर्माण समिति चेयरमैन और स्वामी गोविंद देव गिरी को कोषाध्यक्ष चुना था।
पदाधिकारियों के चयन के बाद राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण की कार्य योजना ट्रस्ट के कार्य की रूपरेखा तय करने के लिए 30 अप्रैल को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित थी। हालांकि कोरोना संकट और देश की सीमा पर चीन के साथ उपजे हालात को लेकर बैठक का प्रस्ताव अमलीजामा नहीं अख्तियार कर पाया था। अब ट्रस्ट ने 18 जुलाई को ट्रस्ट की दूसरी और अयोध्या में ट्रस्ट की पहली बैठक तय की है।
