बरेली: छह महीने में बच्चों को मिलेगा नया विद्यालय, बीडीए शुरू कराएगा स्कूल का निर्माण कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूल के बच्चों को छह माह में आधुनिक सुविधा युक्त भवन मिल जाएगा। बिथरी चैनपुर के लालपुर स्थित प्राथमिक स्कूल को ध्वस्त कर दूसरे स्थान पर बीडीए नया भवन बनवा रहा है। भवन निर्माण का काम शुरू हो गया है। फिलहाल तब तक बच्चों को शिक्षा मिलती रहे, इसके लिए यहीं के ग्राम …

बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूल के बच्चों को छह माह में आधुनिक सुविधा युक्त भवन मिल जाएगा। बिथरी चैनपुर के लालपुर स्थित प्राथमिक स्कूल को ध्वस्त कर दूसरे स्थान पर बीडीए नया भवन बनवा रहा है। भवन निर्माण का काम शुरू हो गया है। फिलहाल तब तक बच्चों को शिक्षा मिलती रहे, इसके लिए यहीं के ग्राम पंचायत भवन में पढ़ाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें-  बरेली: इज्जतनगर मंडल ने चलाया ‘रेल संरक्षा जागरूकता अभियान’, कहा- बंद फाटक के नीचे से न निकलें छात्र-छात्राएं

हालांकि ग्राम पंचायत में बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें फर्श पर ही बैठना पड़ रहा है। स्कूल में कुल 101 बच्चे पंजीकृत हैं। पंचायत भवन के एक ही हाल में सभी बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। शिक्षकों के बैठने की व्यवस्था भी इसी हॉल में है। ऐसे में स्कूल में तैनात दो शिक्षक और तीन शिक्षामित्र भी इस हॉल में ही शिक्षण कार्य करा रहे हैं। कुछ बच्चों को हॉल के बाहर बरामदे में बैठाया जा रहा है।

शिक्षकों के मुताबिक बीते करीब एक माह पूर्व लालपुर में ही सड़क किनारे स्थित स्कूल को ध्वस्त करा दिया गया था। अब वहां सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही वहां से करीब 100 मीटर की दूर नए स्कूल का निर्माण कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पूर्व निर्धारित रूपरेखा के अनुसार नए भवन में कुल पांच कमरों का निर्माण कराया जाएगा। बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त खेल मैदान और स्टॉफ रूम भी बनाया जाएगा।

स्कूल के नए भवन का निर्माण बीडीए की ओर से कराया जा रहा है। स्कूल में स्मार्ट कक्षाओं का संचालन भी शुरू कराया जाएगा। उम्मीद है कि छह माह में स्कूल का निर्माण हो जाएगा। ग्राम पंचायत में वैकल्पिक रूप से बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था कराई गई है। बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त सुविधाएं जल्द ही मुहैया करा दी जाएंगी।– अवनीश कुमार, बीईओ

ये भी पढ़ें-  बरेली: निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी कार्यालय में बैठक का आयोजन, कैबिनेट मंत्री रहे मौजूद

 

संबंधित समाचार