बदायूं: वजीरगंज में पूर्व प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप
अमृत विचार, वजीरगंज। थाना क्षेत्र में सैदपुर और अमरोली गांव के लिंक रोड पर पूर्व प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार युवकों ने दिन-दहाड़े कत्ल की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों …
अमृत विचार, वजीरगंज। थाना क्षेत्र में सैदपुर और अमरोली गांव के लिंक रोड पर पूर्व प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार युवकों ने दिन-दहाड़े कत्ल की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वह रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। दिन दहाड़े हुई इस घटना से सुरक्षा-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वारदात के बाद पुलिस जल्द ही वर्कआउट का दावा कर रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: गर्भवती महिला व उसकी बहन की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
गांव अमरोली निवासी सत्यपाल सिंह (63) पुत्र महेंद्र पाल सिंह विकास क्षेत्र बिसौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय हर्रायपुर में प्रधानाध्यापक थे। 2019 में सेवानिवृत्त होकर अपने गांव वजीरगंज क्षेत्र के गांव अमरोली में रहते थे। मंगलवार को दोपहर लगभग पौने चार बजे खरीदारी करने के लिए बाइक से कस्बा वजीरगंज जा रहे थे। गांव में भीख मांग रहा एक भिखारी रास्ते में मिला। उसने कहा कि वह सैदपुर जाना चाहता है।
वह बाइक पर बैठ गया। गांव से तकरीबन आधा किलोमीटर दूर सैदपुर चेयरमैन विकार अहमद के भट्टे के पास सैदपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने हाथ देकर सत्यपाल सिंह की बाइक रुकवाई। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने सत्यपाल सिंह को गोली मार दी और फरार हो गए। डर की वजह से भिखारी भी वहां से दूर हो गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास खेतों पर मौजूद ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और सत्यपाल सिंह के परिजनों को सूचना दी। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों को सूचना दी। और सीओ बिसौली पवन कुमार मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष घायल सत्यपाल सिंह को अपनी गाड़ी से कस्बा सैदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने इलाज शुरू किया। कुछ ही देर बात पूर्व प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से बात की।
भिखारी के साथ पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
घटना के बाद सीओ बिसौली और थानाध्यक्ष पहुंचे। भिखारी भी वहीं मौजूद था। उसने अधिकारियों को पूरा घटनाक्रम बताया है। पुलिस ने उसे साथ लेकर कस्बा सैदपुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। बताया जा रहा है कि भिखारी ने बाइक की पहचान कर ली है लेकिन युवकों का पता नहीं चल सका है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र में गोली मारकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी—- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी। देहात।
यह भी पढें- शाहजहांपुर: अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन, गर्भवती महिला को अस्पताल से निकालने का लगाया आरोप
