ऊर्जा मंत्री ने दिए निर्देश, जिलों में हर महीने 60 फीडरों का लाइन लॉस 15% से नीचे लाएं
लखनऊ। ऊर्जामंत्री श्रीकान्त शर्मा ने बुधवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान हर जिले में सर्वाधिक लाइन लॉस वाले 60 फीडरों को 30 दिन में 15% से नीचे लाने के निर्देश दिए हैं। इनमें 30 फीडर संबंधित डिस्कॉम के अधिकारी व अन्य 30 फीडर का जिम्मा विजिलेंस विंग के पास रहेगा। कहा कि सरकार …
लखनऊ। ऊर्जामंत्री श्रीकान्त शर्मा ने बुधवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान हर जिले में सर्वाधिक लाइन लॉस वाले 60 फीडरों को 30 दिन में 15% से नीचे लाने के निर्देश दिए हैं। इनमें 30 फीडर संबंधित डिस्कॉम के अधिकारी व अन्य 30 फीडर का जिम्मा विजिलेंस विंग के पास रहेगा।
कहा कि सरकार 15% से कम लाइन हानियों वाले फीडरों पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की योजना पर काम कर रही है। ऐसे में सभी को मिलकर इस अभियान से जुड़ना होगा। कहा कि सांसदों, विधायकों व ग्राम प्रधानों को भी इस महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा बनाया गया है। सभी मिलकर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति का संकल्प पूरा करेंगे।
उन्होंने निर्देशित किया कि जिन भी क्षेत्रों में लाइन लॉस 15% से कम है वहां के निवासियों को यह महसूस हो कि वह वीआईपी क्षेत्र में निवास करते हैं। ऐसे क्षेत्रों में उपभोक्ता सेवाओं और शिकायतों का निस्तारण न्यूनतम समय में किया जाए। ऐसे क्षेत्रों में उपभोक्ता सुविधाओं को भी बढ़ाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि यूपीपीसीएल अध्यक्ष व डीजी विजिलेंस इस संबंध में डिस्कॉम व जिलावार कार्ययोजना बनाकर अभी से काम शुरू कर दें। 90 दिनों के भीतर वृहद परिवर्तन दिखना चाहिए। उन्होंने सभी डिस्कॉम प्रबंध निदेशकों को भी निर्देशित किया कि वह तय किये गए लक्ष्य का नियमित स्तर पर अनुश्रवण करें। लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित करें।
कहा कि सरकार सभी प्रदेशवासियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए संकल्पित है। उन्होंने सांसदों, विधायकों, ग्राम प्रधानों व अन्य जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वह अपने क्षेत्र में लाइन हानियों को कम कराने में मदद करें। सांसद व विधायक स्वयं 10-10 फीडरों को गोद लें और मानक स्थापित करें।
