बांदा में मौसमी बीमारियां का बढ़ रहा प्रकोप, आधा दर्जन भर्ती
बांदा। मौसमी बीमारियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वायरल बुखार के अलावा सर्दी, जुकाम, खांसी भी लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। इतना ही नहीं डेंगू का डंक भी लोगों को डसने लगा है। स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। संभावित डेंगू से पीड़ित छह लोगों को …
बांदा। मौसमी बीमारियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वायरल बुखार के अलावा सर्दी, जुकाम, खांसी भी लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। इतना ही नहीं डेंगू का डंक भी लोगों को डसने लगा है। स्वास्थ्य विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। संभावित डेंगू से पीड़ित छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बुखार से पीड़ित करीब एक दर्जन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डाक्टरों का कहना है कि मौसमी परिवर्तन से बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं।
मौसम का मिजाज बदलते ही बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। बारिश के बाद मच्छर जनित संक्रामक बीमारी भी लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह भरे पानी के गड्ढों में मच्छर पनपने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि वह मच्छर रोधीदवा का छिड़काव करा रहा है। लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा। यही वजह है कि बीमारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सुबह अस्पताल खुलते ही मरीजों की खासी भीड़ जमा हो जाती है।
शहर के आजाद नगर मुहल्ला निवासी शाहिद (17) पुत्र अमीरुद्दीन, रिया यादव (24) पुत्री कौशल किशोर बंगालीपुरा, अनिल (26) पुत्र शिवकरन गल्ला मंडी, वेद कुमार तिवारी (20) पुत्र यत्र कुमार क्योटरा, वंशगोपाल (21) पुत्र बाबूलाल खुटला, अनुपम (16) पुत्र सुरेंद्र तिंदवारी रोड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि यह सभी लोग कई दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। उनका प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में उपचार कराया गया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इन सभी को अस्पताल में दाखिल कराया गया। चिकित्सकों ने लक्षणों के हिसाब से संभावित डेंगू बताया है।
इसके अलावा बुखार के भी मरीजों की भरमार है। इतना ही नहीं निमोनिया से पीड़ित बच्चे भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन एसडी त्रिपाठी और बाल रोग विशेषज्ञ एस आर वर्मा का कहना है कि मौसमी परिवर्तन से बीमारियां बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि सर्दी, जुकाम, बुखार होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने मच्छरों से बचने के लिए फुल आस्तीन की शर्ट और पैंट पहनने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें:-UPSC Recruitment 2022: यूपीएससी ने कई पदों पर निकाली बंपर भर्ती, जानें क्या होगी सैलरी?
