बरेली: सैकड़ों महिलाओं से ठगी करके फरार हुए जालसाज
बरेली/फतेहगंज पूर्वी,अमृत विचार। जालसाजों ने कस्बा और क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं से स्वयं सहायता समूह के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली। प्रत्येक महिला से 2520 रुपये जमा कराए और 15 जुलाई को रुपये खाते में भेजने की बात कही। जब महिलाओं के खाते में रुपये नहीं पहुंचे तब सभी महिलाएं कस्बे में …
बरेली/फतेहगंज पूर्वी,अमृत विचार। जालसाजों ने कस्बा और क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं से स्वयं सहायता समूह के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली। प्रत्येक महिला से 2520 रुपये जमा कराए और 15 जुलाई को रुपये खाते में भेजने की बात कही। जब महिलाओं के खाते में रुपये नहीं पहुंचे तब सभी महिलाएं कस्बे में स्थित कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां ताला लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंची पुलिस ने दो कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला सराय खाम में एक फौजी के मकान में जैन माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड नामक से कुछ लोगों ने कार्यालय खोला था। कार्यालय में तैनात अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण करके महिलाओं को बताया कि यह कार्यालय सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त है। साथ ही महिलाओं को बताया कि वे लोग स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाओं से काम कराते हैं।
इसके बाद आरोपियों ने प्रत्येक महिला से 2520 रुपये जमा कराए और 30-30 हजार रुपये उनके खाते में पहुंचाने की बात कही। महिलाओं ने पूछा उनके खाते में रुपये कब तक पहुंच जाएंगे। तब आरोपियो ने वादा किया कि 15 जुलाई तक महिलाओं के खाते में 30-30 हजार रुपये पहुंच जाएंगे। 15 जुलाई को सभी महिलाएं रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंची। लेकिन उनके खाते में रुपये नहीं आए।
इस पर महिलाओं ने कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां ताला लटका था। महिलाओं ने ठगों के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन मोबाइल बंद निकला। यह सूचना पूरे क्षेत्र में पहुंची। तब इलाके की वह तमाम महिलाएं पहुंच गई, जिन्होंने रुपये जमा किए थे। महिलाओं ने कंपनी के कार्यालय पर जमकर हंगामा काटा। इसके बाद सभी महिलाएं थाने पहुंची और जालसाजों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
जनसेवा केंद्र के संचालक पर लगाया आरोप
महिलाओं का आरोप है कि जनसेवा केंद्र संचालक भी जालसाजों के साथ मिला हुआ है। महिलाओं के आरोप के आधार पर पुलिस ने जनसेवा केंद्र में काम करने वाले दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
कुर्सी मेज भी उठा ले गए आरोपी
महिलाओं ने बताया कि आरोपी कार्यालय बंद करके कुर्सी मेज भी उठा ले गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश करने के लिए जानकारी हासिल कर रही है। महिलाओं ने बताया कि उनके पति लाकडाउन के कारण बेरोजगार हो गए थे। इसलिए उन्होंने सोचा कि इससे उन्हें फायदा होगा। लेकिन घाटा हो रहा है।
