वारदात : बिजली टावर से ईंट भट्ठा ठेकेदार का लटकता मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हमीरपुर। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के विदोखर पलरा मार्ग किनारे शनिवार सुबह बिजली के टावर से ईंट भट्ठा ठेकेदार का शव लटकते मिलने पर सनसनी फैल गई। घटना स्थल के पास से चार डिस्पोजल गिलास व देशी शराब के खाली क्वार्टर, हिसाब की डायरी फटी बरामद होने से परिजनों ने हत्या कर शव को टांगे …

अमृत विचार, हमीरपुर। सुमेरपुर थानाक्षेत्र के विदोखर पलरा मार्ग किनारे शनिवार सुबह बिजली के टावर से ईंट भट्ठा ठेकेदार का शव लटकते मिलने पर सनसनी फैल गई। घटना स्थल के पास से चार डिस्पोजल गिलास व देशी शराब के खाली क्वार्टर, हिसाब की डायरी फटी बरामद होने से परिजनों ने हत्या कर शव को टांगे जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

पलरा गांव निवासी बृजेश श्रीवास (42) ईंट भट्ठों में मजदूर भेजने की ठेकेदारी करता था। दीपावली पर्व वह ईंट भट्टों मालिकानों से रुपया लेकर मजदूरों को एडवांस देने में जुटा था। बृजेश के पुत्र अजय ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब तीन बजे वह मजदूरों को एडवांस देने के लिए अरतरा गांव जाने की बात कह कर बाइक से निकले थे। बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे फोन पर बात हुई तो विदोखर से चलने की बात कही थी। इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ बताने लगा।

सुबह विदोखर पलरा मार्ग में स्थित विद्युत टावर पर उनका शव लटकने की जानकारी मिली। ग्राम प्रधान रामखिलावन श्रीवास ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टावर से कुछ दूर पर सड़क किनारे से चार देसी शराब के खाली क्वार्टर व चार डिस्पोजल गिलास, हिसाब की फटी हुई डायरी व मृतक की बाइक मौके से बरामद की है। पुलिस ने शव को टावर से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक के भाई सुरेश, अवधेश, दिनेश व पुत्र अजय ने हत्या कर शव को टावर से लटकाने का आरोप अज्ञात लोगों पर लगाया है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है, लेकिन घटना स्थल के पास से हिसाब की डायरी, डिस्पोजल गिलास, देसी शराब के खाली क्वार्टर व बाइक बरामद होने की जांच पड़ताल करेंगे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा। मृतक ठेकेदार अपने पीछे पुत्र अजय व संजय पुत्री दीपिका, प्रीती व लक्ष्मी तथा पत्नी को रोता विलखता छोड़ गया है। मृतक बृजेश पिछले मई माह में बड़ी बेटी दीपिका की शादी कर चुका था। जबकि दूसरी बेटी की शादी के लिए तैयारी में जुटा था।

यह भी पढ़ें:- वारदात : बेटी को तालाब में फेंककर घर में की आत्महत्या

संबंधित समाचार