अमरोहा में डेंगू से दो किसानों की मौत, दिल्ली-मेरठ के अस्पतालों में तोड़ा दम
अमरोहा,अमृत विचार। जिले में वायरल बुखार और डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। कई सौ लोग वायरल बुखार की चपेट में है तो 100 से अधिक लोग डेंगू के शिकार हैं। गांव सरकड़ा कमाल में शुक्रवार रात दो किसानों की डेंगू से मौत हो गई। एक ने उपचार के दौरान दिल्ली में तो दूसरे की …
अमरोहा,अमृत विचार। जिले में वायरल बुखार और डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। कई सौ लोग वायरल बुखार की चपेट में है तो 100 से अधिक लोग डेंगू के शिकार हैं। गांव सरकड़ा कमाल में शुक्रवार रात दो किसानों की डेंगू से मौत हो गई। एक ने उपचार के दौरान दिल्ली में तो दूसरे की मेरठ में मौत हो गई। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले के गांव सरकड़ा कमाल और गजरौला प्रभुवन में डेंगू से हालत बिगड़ते जा रहे है। कई लोग डेंगू से बीमार पड़े है तो कई लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। सरकड़ा कमाल में भूप सिंह (70) का परिवार रहता है। उनके परिवार में दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक दस दिन पहले भूप सिंह को बुखार आया था। लेकिन उसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। 27 अक्तूबर को उन्हें गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद उपचार के दौरान शुक्रवार की रात उनकी मौत हो गई। जबकि उनकी पुत्र वधू भी डेंगू पॉजिटिव है और वह भी मेरठ के अस्पताल में भर्ती है।
वहीं गजेंद्र सिंह के परिवार में पत्नी प्रभादेवी के अलावा बेटा है। कई दिन पहले गजेंद्र सिंह को बुखार आया था, उसके बाद उनकी तबियत बहुत ज्यादा खराब हो गई। परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई और शनिवार की सुबह उनकी भी मौत हो गई। हालांकि इससे पहले भी सरकड़ा कमाल में डेंगू से मौत हुई थी। तब प्रशासन ने गांव में कैंप लगाकर मरीजों का इलाज किया था। ग्रामीणों की माने तो गांव में अब तक बुखार और डेंगू से छह लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि बड़ी संख्या लोग वायरल बुखार और डेंगू की चपेट में है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : युवक बॉयफ्रेंड से करना चाहता था शादी, परिवार वालों के विरोध करने पर खाया जहर
