लखीमपुर-खीरी: छठ पूजा को लेकर दो दिन रहेगा रूट डायवर्जन, शहर के अंदर नहीं आएंगे बड़े वाहन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। छठ पूजा पर होने वाली भीड़भाड़ को देखते हुए शहर में रूट प्लान लागू किया गया है। यह रूट प्लान रविवार को दोपहर तीन बजे से और सोमवार को तड़के तीन बजे से रात दस बजे तक लागू रहेगा। वाहनों की होने वाली भीड़ भाड़ को लेकर शहर में चार स्थानों पर …

अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। छठ पूजा पर होने वाली भीड़भाड़ को देखते हुए शहर में रूट प्लान लागू किया गया है। यह रूट प्लान रविवार को दोपहर तीन बजे से और सोमवार को तड़के तीन बजे से रात दस बजे तक लागू रहेगा। वाहनों की होने वाली भीड़ भाड़ को लेकर शहर में चार स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। लोग अपने वाहन पार्किंग स्थल पर खड़ा कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के तराई इलाके में जल्द हाथी अभयारण्य बनने की उम्मीद

शहर में छठ पूजा का पर्व सेठ घाट पर काफी धूमधाम से मनाया जाता है। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत 28 अक्टूबर से हो चुकी है। आज छठ पूजा का दूसरा दिन है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। 31 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा। शहर के सेठ घाट पर घाट पर व्रती महिलाएं पूजा-अर्चना करती हैं।

पूजा-अर्चना को लेकर सेठ घाट पर तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। इस दौरान यहां विशाल मेला भी आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है। इमली चौराहा-मेला मैदान से लिंक सेठ घाट रोड पर भारी भीड़ रहती है। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है।

भीड़भाड़ और जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने रूट प्लान तैयार किया है। इसके अलावा कई प्वाइंटों को चिन्हित किया है, जहां पर ट्रैफिक और सिविल पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि सेठ घाट आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसको लेकर रविवार की दोपहर तीन बजे से शाम आठ बजे और सोमवार की तड़के तीन बजे से रात 10.00 बजे तक रूट डायवर्जन किया जाएगा।

भीड़भाड़ के दौरान होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्वाइंट और पिकेट बनाए गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए सेठ घाट पर स्थित मंदिर और घाट के आसपास, मेला मैदान, इमली तिराहा, सेठ घाट मोड़, सैधरी के पास सेठ घाट मोड़ खड़ंजा मार्ग, आनंद टाकीज के पास सिविल पुलिस और यातायात पुलिस तैनात की जाएगी। सादे वस्त्रों में महिला और पुरुष सिपाही भी पेट्रोलिंग करेंगे। इसके अलावा कोबरा मोबाइल आदि की भी पिकेट ड्यूटी लगायी गयी है।

ये रहेगा रूट डायवर्जन

  • मेला मैदान से इमली तिराहा के मध्य चार पहिया, तीन पहिया वाहन (ई-रिक्शा) नहीं चलेंगे।
  • सेठ घाट मोड़ से सेठ घाट मंदिर तक चार पहिया, तीन पहिया वाहन (ई-रिक्शा) पूरी तरह से बंद रहेंगे।
  • शहर के अंदर लोडर, पिकअप, ट्रैक्टर ट्राली व अन्य बड़े वाहन प्रवेश नहीं करेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर होगी पार्किंग

  • सेठ घाट रोड पर स्थित बालाजी मैरिज हॉल के पास खाली स्थान पर।
  • सेठ घाट मंदिर के निकट बैरियर के बाईं तरफ आम के बगीचे में।
  • महेवागंज व सैधरी बाईपास से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन खड़ंजा मार्ग होते हुये सेठ घाट मंदिर के पास प्लाटिंग के खाली स्थान व आम के बगीचे में खड़े होंगे।

भीड़भाड़ और सुरक्षा की दृष्टि से रूट डायवर्जन लागू किया गया है। निर्धारित प्वाइंटों पर पुलिस और ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे। सादे कपड़ों में भी महिला और पुरुष आरक्षियों की टीम भ्रमण करेगी। श्रद्धालुअों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर वाहन पार्किंग बनाई गई है—अरुण कुमार सिंह, एएसपी।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा नेता और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, DM से की शिकायत

संबंधित समाचार