शाहजहांपुर: प्रशासन बचा रहा भूगर्भ जल, नगर निगम कर रहा बर्बाद
शाहजहांपुर, अमृत विचार। गिरते भूगर्भ जल स्तर को रोकने के लिए शासन-प्रशासन और स्वयं सेवी संस्थाएं जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक कर रहीं हैं, वहीं नगर निगम के लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों की वजह से आरसी मिशन के चमकनी गाड़ीपुरा में टूटी पाइप लाइन से लाखों लीटर पानी हर रोज बर्बाद हो रहा …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। गिरते भूगर्भ जल स्तर को रोकने के लिए शासन-प्रशासन और स्वयं सेवी संस्थाएं जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक कर रहीं हैं, वहीं नगर निगम के लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों की वजह से आरसी मिशन के चमकनी गाड़ीपुरा में टूटी पाइप लाइन से लाखों लीटर पानी हर रोज बर्बाद हो रहा है।
वार्ड नंबर चार के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा के पुत्तूलाल चैराहे से लेकर सराय काइयां तिराहे तक तीन स्थानों पर पाइप लाइन टूटी पड़ी हुई है। जिससे हर रोज पानी बर्बाद जा रहा है और पानी बहने से सड़क धंसकर कई स्थानों पर टूट गई है। मोहल्ला चमकनी निवासी मुन्ना बताते हैं कि इस सड़क पर पाइप लाइन बिछाने का काम लगभग एक माह पहले काम शुरू हुआ था, तब से पाइप लाइन टूटी पड़ी है। लाखों लीटर पानी नालियों में बह गया। उन्होंने कई बार नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को सूचित किया लेकिन कोई सुनवाई नही हुई।
अमृत जल योजना के तहत डाली जा रही पाइप लाइन
अमृत जल योजना के तहत नगर निगम की ओर से ठेके पर कुछ मोहल्लों में पाइप लाइन डालने का काम करवाया जा रहा है। जिसमें पूरी तरह से लापरवाही नजर आ रही है। और सबसे बड़ी लापरवाही निगम के उन जिम्मेदार लोगों की भी नजर आ रही है, जो शिकायत के बाद भी टूटी लाइन सही कराने नहीं पहुंचे।
जनता की बात
राजू ने बताया कि पाइप लाइन फूटी होने की वजह से सड़क टूट गई है। बड़ा सा गड्ढा बन गया है, जिससे कई बार हादसा हो चुका है। लेकिन नगर निगम के अधिकारी नहीं सुनते हैं। मोहम्मद फैज का कहना है कि पाइप लाइन से पानी निकलने की वजह से पानी की सप्लाई में भी दिक्कत होती है। संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित किया लेकिन पाइप लाइन को ठीक नहीं किया गया।
