बरेली: संक्रमण से बचाव को रेलवे की पहल, बगैर छुए टिकट हो जाएगा चेक
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण फैलने के साथ यात्रियों के साथ अधिकारियों को संक्रमण से बचाने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। कहीं टिकट छूने से संक्रमण न फैल जाए, इसके मद्देनजर कॉन्टेक्टलेस टिकट की व्यवस्था की है। सेन्टर फॉर रेलवे इनफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) द्वारा एक एप्लीकेशन तैयार किया है, जिससे क्यूआर कोड …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण फैलने के साथ यात्रियों के साथ अधिकारियों को संक्रमण से बचाने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। कहीं टिकट छूने से संक्रमण न फैल जाए, इसके मद्देनजर कॉन्टेक्टलेस टिकट की व्यवस्था की है। सेन्टर फॉर रेलवे इनफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) द्वारा एक एप्लीकेशन तैयार किया है, जिससे क्यूआर कोड के माध्यम से टिकट का पूरा विवरण टीटीई के मोबाइल पर ही उपलब्ध रहेगा।
यात्रा करने के दौरान यात्री को सिर्फ अपने मोबाइल में आए लिंक पर क्लिक कर टीटीई को क्यूआर कोड मोबाइल स्क्रीन पर दिखाना होगा। जिसे स्कैन करते ही पूरी जानकारी आ जाएगी। उत्तर रेलवे में यह सुविधा बुधवार से ही लागू कर दी गई है। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे में जल्द ही यह व्यवस्था लागू होने वाली है।
टिकट आरक्षित कराने के दौरान यात्री को टिकट तो मिलेगा लेकिन इसके साथ उसके मोबाइल पर संदेश के माध्यम से टिकट की पूरी जानकारी एक लिंक में भी भेजी जाएगी। भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही यात्री के फोन में एक क्यूआर कोड जनरेट होगा। उस क्यूआर कोड को टीटीई अपने मोबाइल के स्कैनर से स्कैन करेगा। स्कैन करते ही यात्री की पूरी जानकारी टीटीई के मोबाइल पर आ जाएगी।
इससे टीटीई यह पता लगा पाएंगे कि क्या वह यात्री सही सीट या ट्रेन में बैठा या नहीं। इस व्यवस्था से यात्री और टीटीई के बीच बिना किसी कागज को छुए ही जांच पूरी हो जाएगी। इससे संक्रमण का खतरा भी टल जाएगा। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश ने बताया कि यह सुविधा मंडल में बुधवार से लागू कर दी गई है। वहीं पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में यह सुविधा जल्द ही लागू होने वाली है।
