पीएम मोदी बोले-कोरोना काल में देश रुका नहीं, न थमा विकास…
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मणिपुर को एक नई सौगात दी है। हर घर जल मिशन के तहत यहां पर वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई है। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि कोरोना के संकट काल …
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मणिपुर को एक नई सौगात दी है। हर घर जल मिशन के तहत यहां पर वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई है। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि कोरोना के संकट काल में भी देश रुका नहीं, थमा नहीं है और थका भी नहीं है। जबतक वैक्सीन नहीं आती है, हमें मजबूती से लड़ते रहना है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार पूर्वी और उत्तर पूर्वी भारत दोहरी चुनौतियों से निपटना पड़ रहा है। नार्थ ईस्ट में फिर इस साल भारी बारिश से बहुत नुकसान हो रहा है। अनेक लोगों की मृत्यु हुई है, कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है इस मुश्किल घड़ी में मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है। भारत सरकार सभी राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सभी आवश्यक कार्य कर रही है।
आज इंफाल सहित मणिपुर के लाखों लोगों के लिए और विशेषकर यहां की हमारी बहनों के लिए बहुत बड़ा दिन है। लगभग 3,000 करोड़ रुपए की लागत से पूरे होने वाले मणिपुर वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट से यहां के लोगों को पानी की दिक्कतें कम होनी वाली हैं।
जानिए पीएम मोदी के संबोधन की मुख्य बातें-
1. ये प्रोजेक्ट आज की ही नहीं बल्कि अगले 20-22 साल तक की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इस प्रोजेक्ट से लाखों लोगों को घर में पीने का साफ पानी तो उपलब्ध होगा ही, हज़ारों लोगों को रोज़गार भी मिलेगा।
2. पिछले वर्ष जब देश में जल जीवन मिशन की शुरुआत हो रही थी, तब मैंने कहा था कि हमें पहले की सरकारों के मुकाबले कई गुना तेजी से काम करना है। जब 15 करोड़ से ज्यादा घरों में पाइप से पानी पहुंचाना हो, तो एक पल के लिए भी रुकने के बारे में सोचा नहीं जा सकता।
3. Ease of Living, बेहतर जीवन की एक ज़रूरी शर्त है। पैसा कम-ज्यादा हो सकता है, लेकिन Ease of Living पर सबका हक है, हर गरीब का हक है। इसलिए बीते 6 वर्षों में भारत में Ease of Living का भी एक बहुत बड़ा आंदोलन चल रहा है।
4. भारत अपने नागरिकों को जीवन की हर जरूरी सुविधाएं देने का प्रयास कर रहा है। बीते 6 साल में हर स्तर पर, हर क्षेत्र में वो कदम उठाए गए हैं, जो गरीब को, सामान्य जन को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर सकें। आज मणिपुर सहित पूरा भारत खुले में शौच से मुक्त है।
5. आज गरीब से गरीब के किचन तक LPG गैस पहुंच चुकी है। हर गांव को अच्छी सड़क से जोड़ा जा रहा है। हर गरीब बेघर को रहने के लिए अच्छे घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
6. हमारा ये Northeast, एक प्रकार से पूर्वी एशिया के साथ हमारे प्राचीन सांस्कृतिक रिश्तों और भविष्य के Trade, Travel और Tourism के रिश्तों का गेटवे है। इसीलिए मणिपुर सहित पूरे Northeast में कनेक्टिविटी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर निरंतर बल दिया जा रहा है।
7. नॉर्थ ईस्ट भारत की Natural और Cultural Diversity का, Cultural Strength का एक बहुत बड़ा प्रतीक है। भारत की आन, बान और शान है।
8. नॉर्थ ईस्ट में देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनने की क्षमता है। दिनों-दिन मेरा ये विश्वास इसलिए गहरा हो रहा है क्योंकि अब पूरे नॉर्थ ईस्ट में शांति की स्थापना हो रही है। जहां से पहले सिर्फ नेगेटिव खबरें आती थीं, वहां अब peace, prosperity और progress का मंत्र गूंज रहा है ।
9. आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत लोकल प्रोडक्ट्स में वैल्यू एडिशन और उसकी मार्केटिंग के लिए क्लस्टर्स विकसित किए जा रहे हैं। ऐसे में नॉर्थ ईस्ट के आर्गेनिक प्रोडक्ट्स को देश-विदेश के मार्केट तक पहुंचाने में हर मदद दी जाएगी।
10. नार्थ ईस्ट में Bamboo इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए एक Bamboo इंडस्ट्रियल पार्क को स्वीकृति दी जा चुकी है। नेशनल बैंबू मिशन के तहत किसानों, हैंडीक्राफ्ट से जुड़े आर्टिस्ट्स और दूसरी सुविधाओं के लिए सैकड़ों करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है।
11. देश के दूसरे हिस्सों में भी मणिपुर सहित नॉर्थ ईस्ट के सभी युवाओं को आज हॉस्टल समेत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विकास और विश्वास के इस रास्ते को हमें और मज़बूत करते रहना है।
