अयोध्या: भूमि पूजन के साथ शुरू हुई नहरों की सिल्ट सफाई
रुदौली/ अयोध्या, अमृत विचार। रबी फसलों की सिंचाई में किसानों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसी को लेकर शारदा सहायक नहर की माइनर भेलसर रजबहा पर शुक्रवार को विधि-विधान के साथ भूमि-पूजन कर सिल्ट सफाई के कार्य का शुभारंभ किया।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध रहे, इसलिए प्रदेश सरकार ने सिल्ट सफाई के लिए नहर की समितियों को धन उपलब्ध करा दिया है। उन्होंने कहा कि रुदौली विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व बाढ़ खंड बाराबंकी शारदा सहायक नहर की समस्त माइनरों की सिल्ट की सफाई होगी। नहरों में हेड से टेल तक पानी पहुंचेगा। जिससे किसानों को सिंचाई करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि सभी माइनरों की सिल्ट सफाई का कार्य 15 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा उन्होंने माइनरों की पुलिया की टूटी रेलिंग व बरसात के कारण बह गई सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने का अधिकारियों को निर्देश् दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता निर्मल शर्मा, प्रधान अमरनाथ यादव, बब्बन शुक्ला, बृजेश यादव, कृष्ण सागर पाल, एजाज सहित सिंचाई व नहर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
