बुलंदशहर: अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बुलंदशहर, अमृत विचार। जिले के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। अस्पताल का स्टाफ ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
अलीगढ़ के गांव सलेमपुर निवासी 27 वर्षीय सोमवती क्षेत्र के गांव रेतागढ़ स्थित अपने मायके में रह रही है। शनिवार को सोमवती को डिलीवरी के लिए नगर की भागीरथी एनक्लेव कालोनी स्थित एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने सोमवती का ऑपरेशन किया जिसके बाद बच्चा पैदा हुआ।
आरोप है कि इसके बाद अस्पताल का स्टाफ लगातार लोगों को गुमराह करता रहा और कुछ समय बाद निजी वाहन से प्रसूता को अस्पताल से लेकर निकल गए। इसके बाद उन्होंने प्रसूता की मौत की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है चिकित्सालय में कोई प्रशिक्षित चिकित्सक न होने के कारण उपचार में लापरवाही से मौत हुई है।
