सुल्तानपुर में एसडीएम के पेशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कर्मचारियों में शोक
सड़क के किनारे बेहोश अवस्था में पड़े मिले
जयसिंहपुर/ सुलतानपुर, अमृत विचार। जयसिंहपुर तहसील के उपजिलाधिकारी न्यायालय में तैनात पेशकार संजीव कुमार दुबे रविवार की सुबह सड़क के किनारे बेहोश अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंचे पारिवारिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पारिवारिक जनों समेत राजस्व कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
संजीव कुमार दुबे उम्र करीब 50 वर्ष गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उघड़पुर गांव निवासी जयसिंहपुर तहसील में उपजिलाधिकारी न्यायालय में बतौर पेशकार पद पर कार्यरत थे। शनिवार की देर शाम तहसील मुख्यालय से काम निपटाकर बाइक से जिला मुख्यालय के विवेकनगर मोहल्ले में बनाए गए आवास के लिए निकल गए थे। रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में वह गोसाईगंज बाजार के समीप बेहोशी अवस्था में गिरे हुए हुए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे पारिवारिकजन आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय ले गए।
घटना की जानकारी मिलते तहसील कर्मचारी रजिस्ट्रार कानूनगो लालचन्द्र श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। जहां मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मौत की सूचना मिलते ही पारिवारिकजनों में कोहराम मच गया। तहसील में तैनात पेशकार की अचानक हुई मौत के बाद से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। गोसाईगंज थाना अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप रावत ने बताया कि जानकारी मिली है। पीएम रिपोर्ट और पारिवारिक जनों से अगर कोई तहरीर मिलती है तो विधिक कार्यवाही की जाएगी।
