बहराइच: बाइक सवार चार लोगों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, घायल
बहराइच। यातायात माह में भी लोग नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। जिसका खमियाजा भी भुगतना पड़ रहा है। देर रात को एक बाइक पर सवार चार लोग विवाह में टेंट लगाने जा रहे थे। लखनऊ मार्ग पर एक बाइक पर सवार चार लोगों को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे सभी घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
राम गांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत फत्तेपुरवा के मजरा शुक्लनपुरवा निवासी सुधीर पुत्र गोमती, ब्रिजेश पुत्र दिनेश, हरदी थाना क्षेत्र के मरवट गांव निवासी अजय शुक्ला पुत्र राम जियावन और संजिल पुत्र संतोषी टेंट की दुकान पर काम करते हैं। सीतापुर मार्ग स्थित एक रिसॉर्ट में शनिवार को विवाह कार्यक्रम के दौरान सभी टेंट लगाने जा रहे थे।
रात में एक बाइक से सभी लोग लखनऊ बहराइच मार्ग पर टिकोरा मोड़ के निकट पहुंचे। तभी अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सभी घायल हो गए। चौकी इंचार्ज द्वारा सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया गया। यहां सभी का इलाज चल रहा है।
