अयोध्या: निकाय चुनाव को लेकर सपा ने तेज की कवायद, प्रत्याशी चयन के लिए गठित होंगी समितियां
अमृत विचार, अयोध्या। प्रदेश नेतृत्व का निर्देश मिलने के बाद समाजवादी पार्टी की जिला इकाई ने नगर निकाय चुनाव को लेकर कवायद तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने नगर निकाय चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया है।
दिशा-निर्देश के मुताबिक नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में विभिन्न उम्मीदवारों का चयन संबंधित समिति की ओर से किया जाएगा। संस्तुति के लिए समितियां नामों को नेतृत्व को भेजेंगी। पार्टी के जिला प्रवक्ता चौ. बलराम यादव ने बताया कि दिशा-निर्देश मिलने के बाद जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर विभिन्न समितियों के गठन की कवायद शुरू हो गई है।
जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने बताया है कि आरक्षण चयन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आवेदन लिया जाएगा। महापौर, चेयरमैन समेत पार्षद व सभासद के नामों को संबंधित चुनाव समिति विचार विमर्श कर निर्णय के लिए प्रदेश नेतृत्व को भेजेगी।
