संभल: मझावली विवाद के सात आरोपी गिरफ्तार
डीआईजी शलभ माथुर पहुंचे थाना बनियाठेर, पीड़ित पक्ष के लोगों व स्कूल प्रबंधक से की पूछताछ
संभल, अमृत विचार। रविवार दोपहर मझावली गांव में दो वर्गों के लोगों के बीच विवाद के चलते तनाव को देखते हुए सोमवार को डीआईजी शलभ माथुर बनियाठेर थाना पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित पक्ष के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की और अधीनस्थों को शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी करने के आदेश दिए। वहीं पुलिस ने अभी तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रविवार को मझावली गांव में एक वर्ग के कुछ युवक आरपी सिंह पब्लिक स्कूल के बाहर खड़े होकर गाली गलौज कर रहे थे। जिसका दूसरे वर्ग के युवकों ने विरोध किया तो दोनों वर्गों के युवकों के बीच विवाद हो गया था। लेकिन तब कुछ लोगों ने विवाद शांत करा दिया। इसके एक घंटे बाद आरोपी वर्ग के युवकों ने दूसरे वर्ग के विशाल सैनी व अन्य एक युवक को पीट दिया था। इनको परिजन बचाने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की थी। छतों से पथराव किया था।
इस दौरान विशाल पाल, इंद्रवती, विवेक सैनी, किशनवती, घनश्याम, अंशु घायल हो गए थे। विशाल की ओर से 13 नामजद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दूसरे दिन सोमवार को विवाद के चलते डीआईजी शलभ माथुर थाना बनियाठेर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधक अजेंद्र सिंह समेत पीड़ित पक्ष से घटना के संबंध में पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि पहले भी इस गांव में आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर विवाद हो चुका है। रविवार की घटना को लेकर पुलिस सतर्क है। गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। अभी तक सात आरोपी अकरम, रिहान, मुहम्मद साजिद, महरबान, असलम, शेर मोहम्मद, शमशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं डीआईजी शलभ माथुर ने अधीनस्थों को शीघ्र ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीचंद्र, सीओ दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
चन्दौसी। मझावली विवाद में गांव के अकरम, मोहम्मद साजिद, रिहान, महरबान, असलम, शानू, शेर मुहम्मद, शहनवाज, नदीम, निजामुददीन, शमशाद, मुशब्बर, मोहम्मद जैद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
