बांदा : चुप्पी तोड़ खुलकर अपनी बात व्यक्त करने की हिम्मत जुटायें बेटियां : शहर कोतवाल
अमृत विचार, बांदा। बाल दिवस पर शहर कोतवाली प्रभारी ने विद्यालय की बच्चियों को अपने अधिकारों के लिये लड़ना सिखाते हुए कहा कि बेटियों को भी बेटों की तरह ही समान रूप से रहने व जीने का अधिकार है और इसे उनसे कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने बच्चियों से कहा कि इसके लिये बच्चियों को अपनी चुप्पी तोड़कर खुलकर अपनी बात व्यक्त करने की हिम्मत जुटानी होगी।
नारी शक्ति को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत शहर कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला ने कनवारा पूर्व माध्यमिक विद्यालय भाग-2 में बच्चियों को आपात स्थिति में प्रयोग किए जाने वाले हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी शहर से सटे गांव कनवारा में आयोजित पूर्व माध्यमिक विद्यालय भाग 2 में बाल दिवस पर मिशन शक्ति अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कहा कि पुलिस अच्छे लोगों की मदद और गलत काम करने वालों को सजा दिलाने का काम करती है। ऐसे में अच्छे लोगों को पुलिस से डरने की कतई जरूरत नहीं है, बल्कि अच्छे लोगों को पुलिस की मदद करने और गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए आगे आना चाहिए। कहा कि बच्चियों की मदद के लिए सरकार ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर संचालित किए हैं, जिनकी मदद से वह अपने साथ होने वाली घटनाओं को रोक सकती हैं या फिर ऐसी घटनाओं से बच सकती हैं।
उन्होंने कविताओं के माध्यम से बच्चियों को जीवन के मूल्य समझाने का प्रयास किया और उनका उत्साहवर्धन किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष डा.धर्मेंद्र त्रिपाठी ने बच्चियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि बच्चियों के जन्म से लेकर उनके स्वावलंबन तक की व्यवस्था के लिए सरकार कटिबद्ध है।
डिस्ट्रिक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा.मनोज कुमार शिवहरे ने बाल दिवस के मौके पर बच्चियों को उपहार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ईडीसी कांट्रेक्टर यूनियन के जिलाध्यक्ष सचिन मिश्रा, सहायक अध्यापक अंजना, विश्वविद्यालय पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप कुमार समेत तमाम लोग शामिल रहे।
