बारांबकी : आरएसएस की गुरु गोविंद सिंह शाखा का वार्षिकोत्सव संपन्न
अमृत विचार बाराबंकी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गुरुगोविन्द सिंह शाखा का वार्षिकोत्सव सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य वक्ता आरएसएस के विभाग प्रचारक संजय कुमार रहे। समरसता, बन्धुत्व एवम् एकीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता संजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति एवं व्यक्तित्व निर्माण की कार्यशाला है।
देशभक्ति और अनुशासन वर्तमान समय में समाज की आवश्यकता है। एकता के सूत्र में संपूर्ण मानव समाज को पिरोए बिना देश को भव्य एवं दिव्य नहीं बनाया जा सकता है। संघ की शाखा में स्वयंसेवकों के भीतर साहस, समर्पण और स्वाभिमान के साथ देशभक्ति का भाव पैदा किया जाता है।उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता दुनिया की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक है।
गुलामी के दौर में हमारी संस्कृति को मिटाने के अनेकों प्रयास हुए। मगर भारत फिर उठ खड़ा हुआ।भारतीयों में राष्ट्रीयता जगाने में आरएसएस की महती भूमिका है।बताया कि डॉक्टर हेडगेवार ने 1925 में आरएसएस की स्थापना की थी।वर्तमान में देशभर में 60 हजार से अधिक शाखाओं में राष्ट्रीयता की अलख जगाई जा रही है।उन्होंने आरएसएस द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों की विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सक डॉक्टर विनय कुमार जैन ने की।कार्यक्रम में शाखा के स्वयं सेवकों ने पूर्ण गणवेश में व्यायाम,योग व अन्य गतिविधियों का प्रदर्शन किया।इस अवसर पर नगर संघ चालक विष्णु प्रताप,नगर प्रचारक अनुपम,अजय कुमार,शिवम,अमितेश,कपिल,अजय प्रताप,पूर्णेंदु,नवेंदु, बबलू, अंबरिश,देवेश मौजूद रहे।
