शाहजहांपुर: अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी की धारदार हथियार से हत्या
बड़े भाई के साथ मिलकर पति ने दिया घटना को अंजाम, मृतका के भाई ने मौके से भाग कर बचाई अपनी जान
शाहजहांपुर, अमृत विचार। भाभी से अवैध संबंध का विरोध करने पर युवक ने अपने बड़े भाई के साथ मिलकर पत्नी की की खेत पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। मृतका का भाई घटना का चश्मदीद है, उसने बताया कि वह बहन को बचाने के लिए दौड़ा लेकिन हत्यारोपी बहनोई अपने भाई के साथ मिलकर उसे मारने दौड़ पड़ा, इस पर उसने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई।
इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया। महिला का गला कटा हुआ था। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी पति और जेठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फर्रुखाबाद जिले के थाना राजेपुर के गांव सलेमपुर निवासी धनपाल सिंह ने अपनी बेटी 27 वर्षीय सीमा देवी की शादी थाना अल्हागंज के गांव रामनगर निवासी विजय सिंह के साथ की थी। धनपाल सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी के पति विजय सिंह के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे, जिसका उसकी बेटी विरोध करती थी। विजय सिंह आए दिन उसकी बेटी को मारा पीटा करता था।
रविवार सुबह सीमा ने अपने पिता के पास फोन किया कि उसे उसके पति और जेठ सरजू सिंह झगड़ा करके पीट रहे हैं। इस सूचना पर धनपाल का बेटा संजू सिंह अपनी बहन की ससुराल रामनगर गया। वह अपने बहनोई को समझाता रहा, लेकिन विजय सिंह ने संजू से कहा कि अभी आ रहे हैं और यह कहते हुए वह अपने भाई सरजू सिंह के साथ सीमा को गांव के बाहर खेत पर ले गया।
संजू पीछे से गया तो देखा उसकी बहन पर बहनोई विजय अपने भाई सरजू सिंह के साथ मिलकर धारदार हथियार से प्रहार कर रहे हैं। उसने अपनी बहन को बचाने का प्रयास किया, तो दोनों लोग धारदार हथियार लेकर उसके ऊपर दौड़ पड़े। वह जान बचाकर भाग गया। उसने अपने पिता धनपाल को फोन करके सूचना दी और अपने गांव सलेमपुर भाग गया।
धनपाल परिवार वालों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचा। उन्होंने देखा कि पुलिस पहले से मौजूद थी। उसकी बेटी का खून से लथपथ शव चकरोड पर पड़ा था। उसका गला कटा हुआ था। सीओ जलालाबाद मस्सा सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और मृतका के परिवार वालों से पूछताछ की। धनपाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके दामाद और दामाद के भाई ने उसकी बेटी की धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या कर दी है।
सीओ जलालाबाद मस्सा सिंह ने बताया कि मृतका सीमा देवी के पिता धनपाल की तरफ से मृतका के पति और जेठ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: पूर्व चेयरमैन के गेस्ट हाउस पर छापा, सात जोड़े पकड़े
