मुरादाबाद : झोलाछाप के संरक्षण और डेंगू नियंत्रण में विफलता पर सीएमओ का घेराव
शिवसेना पदाधिकारियों ने महिला के इलाज में लापरवाही बरतने वाले झोलाछाप पर कारवाई न होने पर मिलीभगत का आरोप लगाया
मुरादाबाद, अमृत विचार। शिवसेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सिधिकारी का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। झोलाछाप को संरक्षण देने और डेंगू नियंत्रण में विफलता पर दोषियों के खिलाफ कारवाई की मांग की।
शिवसैनिकों के साथ आई कविता ने आरोप लगाया कि करूला में एक झोलाछाप में आपरेशन के नाम पर उसकी जान से खिलवाड़ किया गया, बाद में एक प्रसिद्ध निजी अस्पताल में इलाज पर जान बची। शिकायत देने के बाद भी उसके संचालक पवन सैनी और उसके सहायक स्टाफ पर कोई कारवाई नहीं हुई।
शिवसैनिकों ने मुख्य चिकित्सिधिकारी डा. एमसी गर्ग का घेराव कर आरोप लगाया कि उनके शह पर झोलाछाप के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ भी उस झोलाछाप पर कारवाई नहीं कर रहे हैं, इससे पीड़ित को न्याय नहीं मिल रहा है।
उन्होंने डेंगू नियंत्रण के उपाय और इलाज के प्रबंध न होने के चलते मरीजों की जान जाने पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी कारवाई की मांग की। कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों के निर्देश पर भी नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों में समन्वय न होने से डेंगू, मलेरिया बुखार के मरीजों का समुचित इलाज और सावधानी नहीं बरती जा रही है।
चेतावनी दिया कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो अनिश्चित कालीन धरना देंगे। अंत में मुख्य चिकित्सिधिकारी को ज्ञापन दिया। विरोध जताने वालों में विपिन भटनागर, युवा शिवसेना के जिला प्रमुख मुदित उपाध्याय, कमल सिंह रावत आदि शामिल रहे।
